कांग्रेस नेता की बयानबाजी के मामले ने तूल पकड़ा, जम्मू में बजरंग दल का प्रदर्शन

कश्मीर में आतंकवाद के नाम पर बेगुनाहों की हत्या हो रही है। मौतों के जिम्मेदार लोगों को कड़ा दंड मिलेगा। यही नहीं मारे गए बेगुनाह लोगों को कांग्रेस सरकार बनने पर एक-एक करोड़ रूपये मुआवजा व सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के पर्यवेक्षक नेता हाजी सगीर खान द्वारा दिए गए इस बयान के बाद उपजे विवाद को शांत करने के लिए कांग्रेस ने अपनी ओर से खान को पार्टी से अगली कार्रवाई तक निलंबित करने का आदेश जारी कर हालात पर काबू पाने का प्रयास किया परंतु यह मामला शांत होने के बजाय तूल पकड़ चुका है। कांग्रेस पार्टी पर आतंकवाद को शह देने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने वीरवार को शहीदी चौक स्थित कांग्रेस मुख्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।कांग्रेस नेता की बयानबाजी के मामले ने तूल पकड़ा, जम्मू में बजरंग दल का प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रहे राष्ट्रीय बजरंग दल के राज्य प्रधान राकेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का हाथ आतंकवादियों के साथ है। खान के बयान से तो यही स्पष्ट होता है कि यदि वे सत्ता में आते हैं तो राष्ट्रविरोधी ताकतों को बढ़ावा मिलेगा। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने इस दौरान कांग्रेस पार्टी का पुतला भी फूंका। उन्होंने जम्मू के नेताओं को इस बयान पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के केंद्रीय नेता ने इस तरह का बयान देकर पार्टी की नीति को स्पष्ट कर दिया है। ऐसे में जम्मू में पार्टी की बागडोर संभालने वाले दिग्गज नेता आगे अाकर जनता के समक्ष यह साफ करें कि क्या वे भी इस बयान का समर्थन करते हैं। वे भी चाहते हैं कि कश्मीर में अशांति फैलाने वाले, बेकूसर लोगों की जान लेने वाले आतंकवादियों के परिजनों को मुआवजा व सरकारी नौकरी मिलनी चाहती है।

वहीं भाजपा के एमएलसी विक्रम रंधावा ने भी इसे राष्ट्रविरोधी बयान करार देते हुए हाजी सगीर खान के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह का बयान देकर खान ने पार्टी की मानसिकता स्पष्ट कर दी है। कांग्रेस ने हमेशा ही फूट डालो, राज करो की नीति को अपनाया है। मुस्लिम समुदाय का समर्थन जुटाने के लिए ही उन्होंने इस तरह की बयानबाजी की है। उन्होंने उन कांग्रेस नेताओं के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई तो उस समय वहां मौजूद थे। रंधावा ने कहा कि यह सब प्रदेश कांग्रेस राष्ट्रीय प्रधान राहुल गांधी की शह पर हो रहा है। वह भी यह कह चुके हैं कि कांग्रेस मुस्लिमों की पार्टी है। ऐसे में जनता को अब विचार करना है कि वे किस पार्टी के साथ हैं। 

Back to top button