कांख में घुसी तीन फीट लंबी सरिया, डॉक्टरों ने करीब दो घंटे के ऑपरेशन के बाद निकाली बाहर

 राजधानी स्थित केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में मंगलवार को दर्द से चीखता एक मरीज लाया गया। उसके सीने की दाहिनी तरफ कांख में तीन फीट लंबी सरिया घुसी थी। डॉक्टरों ने करीब दो घंटे के ऑपरेशन के बाद सरिया निकालकर उसकी जान बचा ली। डॉक्टरों के मुताबिक, सरिया अगर सीने में घुस जाती तो मरीज की जान भी जा सकती थी।

दो घंटे के ऑपरेशन के बाद बची जान 

दरअसल, बारूद खाना क्षेत्र में पुराने मकान को तोडऩे का काम चल रहा था। यहां मजदूर सोनू गुप्ता काम कर रहा था। अचानक मकान का एक हिस्सा गिरने से उसके सीने की दाहिनी तरफ कांख में सरिया घुस गई थी। मौके पर पहुंची वजीरगंज थाने की पुलिस ने आननफानन में मजदूर को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने करीब दो घंटे के ऑपरेशन के बाद सरिया निकाल कर सोनू की जान बचा ली। ट्रॉमा सेंटर के प्रवक्ता डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि मरीज को दिन में सवा दो बजे के करीब पुलिस ट्रॉमा सेंटर लाई थी। उसे तुरंत भर्ती कर साढ़े तीन बजे ऑपरेशन शुरू किया गया। दो घंटे चले ऑपरेशन के बाद शाम साढ़े पांच बजे सरिया निकाल दी गई। अब वह खतरे से बाहर है।

हो सकती थी मौत 

मरीज के हाथों की मांसपेशियों में चोट आई है। बाकी अन्य हिस्से में अधिक नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि सरिया अगर सीने में घुस जाता तो मामला गंभीर हो सकता था। मरीज की जान भी जा सकती थी। मरीज अभी एडमिट है और डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ. अवतार पचौरी, डॉ. अनीता सिंह, डॉ. यादुवेंद्र व डॉ. संदीप तिवारी शामिल रहे।

Back to top button