कमाई के मामले में विराट ने धोनी को छोड़ा पीछे

नई दिल्ली
भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान और बेहतरीन बल्लेबाज विराट कोहली का सितारा इन दिनों खूब चमक रहा है, चाहे मैदान हो या बाजार सभी जगह उन्हीं का डंका बज रहा है। एड कम्पनियों में भी उन्हें साइन करने की होड़ मची हुई है। विराट फिलहाल 13 ब्रैंड को एंडोर्स कर रहे हैं। एकाध ब्रैंड तो ऐसे हैं जिनके एम्बेसडर कभी मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर हुआ करते थे। विराट इन ब्रैंड्स से एक दिन में 1.5 करोड़ रुपए कमाते हैं। स्टार बल्लेबाज ने इस मामले में कैप्टन कूल महेन्द्र सिंह धोनी को भी पीछे छोड़ दिया है। धोनी की एक दिन की कमाई एक करोड़ रुपए है।
बल्ले से मिलते हैं 8 करोड़
बल्ले से कमाई के मामले में पिछले साल तक कप्तान धोनी ही विराट से आगे थे। धोनी अपने बल्ले पर एड से 6 करोड़ रुपए कमाते थे, लेकिन अब विराट 8 करोड़ कमा रहे हैं।
निडर और मजबूत
एड कंपनियों का मानना है कि कोहली शारीरिक और मानसिक रूप से काफी मजबूत हैं और साथ ही निडर भी। एडवर्टाइजर को एक हस्ती में जो शीर्ष पांच विशेषताएं चाहिए होती हैं वह सब विराट में हैं। अब तक ब्रैंड एम्बेसडर बनाने के लिए केवल फिल्म अभिनेताओं को ही प्रमुखता दी जाती थी, लेकिन विराट के रूप में उन्हें नया चेहरा मिला जिसे हर वर्ग पसंद करता है।
गांगुली की आक्रामकता, सचिन जैसी क्लास
एक और बात है जो विराट को खास बनाती है, वह यह है कि उनमें दो दिग्गज क्रिकेटरों की छवि दिखती है। विराट के पास सौरव गांगुली जैसी आक्रामकता होने के साथ ही सचिन जैसी क्लास भी है। हालांकि सचिन थोड़े शर्मीले स्वभाव के हैं, जबकि विराट बिंदास हैं और उन्हें आकर्षण का केन्द्र बनना पसंद है।





