ऑयली और चिपचिपी स्किन के लिए बेस्ट हैं ये 3 होममेड फेस पैक

बारिश के मौसम में वातावरण में मौजूद हवा में नमी अक्सर त्वचा को चिपचिपा कर देती है। नतीजतन स्किन के पोर्स बंद हो जाते हैं जिससे चेहरे पर भारीपन लगना, ब्लैकहेड्स और मुहांसों का बढ़ना जैसी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।

ऐसे में अगर आप बाजार से महंगे स्किन प्रोडक्ट नहीं खरीदना चाहते तो घर पर ही चेहरे की रौनक फिर से लौटा सकते हैं।

चिपचिपी स्किन के लिए 5 मिनट DIY फेस पैक्स
यहां ऐसे 2 फेस पैक बताए जा रहे हैं जिन्हें स्किनकेयर रूटीन में शामिल करके चिपचिपी स्किन से छुटकारा पाया जा सकता है।

चंदन और कच्चे दूध का फेस पैक
चंदन त्वचा को ठंडक देने के साथ ही स्किन से ऑयल हटाने में मदद करता है। वहीं, दूध त्वचा को मुलायम बनाए रखने के साथ स्किनटोन ईवन रखने में मददगार है।

सामग्री
2-3 चम्मच चंदन पाउडर

1 बड़ा चम्मच कच्चा दूध

1-2 चम्मच गुलाब जल

बनाने और लगाने की विधि
एक छोटी कटोरी में चंदन पाउडर लें, उसमें कच्चा दूध और गुलाब जल डालकर गाढ़ा सा पेस्ट तैयार कर लें। इसे चेहरे पर अप्लाई करने के बाद 10-15 मिनट लगाए रखें, फिर सूख जाने के बाद हाथ में पानी लेकर हल्के दबाव से मसाज करें। इसके बाद सादे पानी से धोकर त्वचा को मॉइश्चराइज करें।

बेसन, हल्दी और नींबू का फेस पैक
बेसन जहां त्वचा से डेड स्किन हटाने में मदद करेगा तो वहीं हल्दी मुहांसों से रक्षा करने और नींबू टैनिंग दूर करने में भूमिका निभाता है।

सामग्री
1 बड़े चम्मच बेसन

2-3 चम्मच गुलाब जल

1 चुटकी हल्दी

2 बूंद नींबू का रस

बनाने और लगाने की विधि
एक कटोरी में बेसन के साथ हल्दी मिक्स करें। उसके बाद गुलाब जल और नींबू के रस की कुछ बूंद डालकर पेस्ट तैयार कर लें। इसे साफ चेहरे पर लगाएं और 10-15 मिनट तक सूखने का इंतजार करें। अब चेहरा हल्का गीला करके मसाज करते हुए पानी से हटा लें।

मुल्तानी मिट्टी और एलोवेरा जेल फेस पैक
मुल्तानी मिट्टी चेहरे से ऑयल कम करती है और एलोवेरा जेल के सूदिंग इफेक्ट ठंडक देने में मदद करते हैं। इसे लगाने से बंद पोर्स की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।

सामग्री
1 छोटा टुकड़ा मुल्तानी मिट्टी

2 छोटे चम्मच एलोवेरा जेल

2 चम्मच गुलाब जल

बनाने और लगाने की विधि
मुल्तानी मिट्टी के छोटे टुकड़े पीस लें और उसमें गुलाब जल के साथ पेस्ट बनाने लायक थोड़ा पानी मिलाएं। इसके बाद एलोवेरा जेल डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। उंगली या चम्मच की मदद से मिक्स्चर को चेहरे पर लगाएं। 15 मिनट बाद सूख जाए तो सर्कुलर मोशन में मसाज करते हुए पानी से धो लें।

Back to top button