ऑपरेशन सफल होने पर सांवलिया सेठ को चढ़ाया चांदी का हार्ट, मन्नत पूरी होने पर परिवार ने जताई आस्था

जिले के प्रसिद्ध कृष्ण धाम श्री सांवलियाजी मंदिर में वैसे तो भक्त सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण और सामग्री चढ़ाते रहते हैं लेकिन इस बार एक अनोखा चढ़ावा चर्चा का विषय बन गया। हार्ट ऑपरेशन सफल होने की मन्नत पूरी होने पर एक परिवार ने भगवान सांवलिया सेठ को चांदी का हार्ट भेंट किया।

सांवलियाजी निवासी बालमुकुंद तिवारी के परिवार ने मंदिर में 197 ग्राम वजनी चांदी का हार्ट और चांदी से बना नलकूप अर्पित किया। परिवार के सदस्य उमेश तिवारी ने बताया कि करीब तीन साल पहले उनके पिता बालमुकुंद तिवारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। हार्ट अटैक आने पर पहले उन्हें उदयपुर और बाद में गुजरात के अहमदाबाद ले जाया गया, जहां उनका बाईपास ऑपरेशन किया गया।

ऑपरेशन के दौरान परिवार ने भगवान श्री सांवलिया सेठ से मन्नत मांगी थी कि यदि ऑपरेशन सफल रहा तो वे चांदी का हार्ट चढ़ाएंगे। ऑपरेशन सफल होने के बाद परिवार ने अपनी मन्नत पूरी की।

परिवार के सदस्य और रिश्तेदार बैंड-बाजों के साथ घर से रवाना हुए और नाचते-गाते श्री सांवलियाजी मंदिर पहुंचे। यहां भगवान को 197 ग्राम का चांदी का हार्ट और चांदी का नलकूप भेंट किया गया। मंदिर मंडल ने श्रद्धालु परिवार का उपरना पहनाकर और प्रसाद भेंट कर स्वागत किया। मंदिर मंडल के अनुसार श्री सांवलिया सेठ को सोने-चांदी की कई प्रकार की भेंट अर्पित की जाती हैं, लेकिन चांदी से बना हार्ट पहली बार मंदिर में चढ़ाया गया है।

Back to top button