सेना के आपरेशन आल आउट में हिजबुल व लश्कर के टाप कमांडरों समेत कई आतंकियों के मारे जाने से आतंकी संगठनों में खलबली मच गई है। अब वे अपने को छिपने छिपाने में जुट गए हैं। 
आतंकी जाकिर मूसा के नेतृत्व वाले आतंकी संगठन अंसार गज्वातुल हिंद का एक इसी आशय का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें उसने भी आतंकियों से बचने के लिए गुप्त ठिकाने को खुद चुनने की सलाह दी है।
यह ठिकाना ऐसा हो जिसके बारे में किसी को जानकारी न हो। हालांकि, इस पत्र के बारे में पुलिस की ओर से कोई भी आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
पत्र में कहा गया है कि घाटी में भारत की तरफ से कही सारी एजेंसियां काम कर रही हैं जिनका एक ही लक्ष्य है घाटी में आतंकवाद का सफाया हो लेकिन हमें इस कोशिश को विफ ल बनाना है।
सेना रात के समय बिना आवाज वाली ड्रोन से आतंकियों पर नजर रख रही है। इसके बाद तत्काल वहां पहुंचकर घेराबंदी करती है। पत्र में यह भी लिखा है कि जो आतंकियों के लिए काम करते हैं वह भरोसेमंद होने चाहिए।
आतंकी फोन का कम इस्तेमाल करें, इंटरनेट का उपयोग बिल्कुल न करें। इंटरनेट वीपीएन से ही चलाए। खाने-पीने की आवश्यक सामग्री अपने गुप्त ठिकाने पर ही रखें। जो भी आतंकी अपने परिजनों या दोस्तों से मिलना चाहे तो वह किसी बस्ती में उनसे ना मिलकर अन्य स्थान का चयन करे।
नवीद जट मिला हुआ था सेना से, वीडियो वायरल
क्या लश्कर का टाप कमांडर नवीद जट सेना के लिए काम करता था। इस आशय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में एक व्यक्ति अपना नाम नहीं बता रहा है लेकिन कह रहा है कि नवीद काफी समय से फौज से मिला हुआ था। हाल ही में कई आतंकियों को सेना-पुलिस ने आपरेशन में मार डाला। जब आतंकियों को नवीद पर शक होने लगा तो उसे भी एक आपरेशन में मार डाला गया। हालांकि, इस वीडियो की कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।