एमएस धोनी के रिटायरमेंट के सवाल पर कोच ने जो कहा वो कर गया हैरान

 आईपीएल-2026 की शुरुआत से पहले एक सवाल उठ रहा था। सवाल था कि क्या ये एमएस धोनी की आखिरी सीजन होगा? धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स का मौजूदा सीजन में सफर खत्म हो गया है, लेकिन धोनी के रिटायरमेंट का सवाल खत्म नहीं हुआ है। टीम के कोच एरिक सिमंस से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने हैरान करने वाला जवाब दिया।

गुजरात टाइटंस ने गुरुवार को चेन्नई को 89 रनों से हरा दिया। इस हार के साथ पांच बार की चैंपियन का सफर खत्म हो गया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए सिमंस से धोनी के रिटायरमेंट और अगले सीजन में खेलने की उम्मीदों को लेकर सवाल हुआ जिस पर सिमंस ने साफ तौर पर कुछ भी नहीं बताया।

‘आप मुझसे पूछ रहे हैं’

सिमंस से पूछा गया कि क्या फ्रेंचाइजी धोनी के अगले सीजन में खेलने को लेकर उम्मीदजदा है या नहीं? इस पर सिमंस ने कहा, “आप मुझसे वाकई में ये सवाल पूछ रहे हैं? देखिए हम तो हमेशा ही उम्मीद में रहते हैं। ईमानदारी से कहूं तो वह गेंद को अच्छे से मार रहे थे। उनको पैर में चोट लगी है जिससे उनको दौड़ने में मुश्किल होती है। इसी कारण वह खेल नहीं सके, लेकिन जहां तक गेंद को मारने की बात है तो वह नेट्स में ये काम अच्छे से कर रहे थे।”

‘सिर्फ धोनी जानते हैं’

सिमंस ने भविष्य के सवाल को लेकर कहा कि धोनी खेलेंगे या नहीं या रिटायरमेंट लेंगे इस बारे में सिर्फ धोनी ही जानते हैं और कोई नहीं। सिमंस ने कहा, “लेकिन मैं ये लगातार कह रहा हूं कि सिर्फ एमएस धोनी ही इस बारे में जानते हैं। धोनी इस बारे में फैसला लेंगे, जब वह तैयार होंगे और सही होंगे, वह फैसला लेंगे। मैं इतना जानता हूं कि अगर उन्हें लगेगा कि वह तैयार नहीं होंगे तो वह नहीं खेलेंगे। वह टीम के हित में फैसला लेंगे न कि अपने बारे में सोचते हुए।”

Back to top button