नगर पालिका मसूरी जल्द हर वार्ड में बनाएगी मोहल्ला पार्किंग, बोर्ड बैठक में लिया निर्णय

नगर पालिका मसूरी जल्द हर वार्ड में मोहल्ला पार्किंग बनाएगी। मासिक बोर्ड बैठक में पालिका ने यह निर्णय लिया है। इस दौरान 23 करोड़ से अधिक के निर्माण व विकास कार्यो के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता की अध्यक्षता में पालिका सभागार में हुई मासिक बोर्ड बैठक में कुल 43 प्रस्ताव पास किए गए जिसमें पालिका के विभिन्न वाहनों के ईंधन के 19.56 लाख रुपयों के बिलों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि नगर पालिका भविष्य में प्रत्येक वार्ड में मोहल्ला पार्किंग का भी निर्माण करवाएगी जिससे स्थानीय लोगों को पार्किंग समस्या से छुटकारा मिलेगा। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि मालरोड के दोनों छोरों पर बने बैरियरों का मॉडिफिकेशन किया जाएगा जिसका संचालन ऑनलाइन होगा।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि नगर पालिका के देयों का लंबे समय से भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ रिकवरी चालान (आरसी)जारी की जाएगी जिससे पालिका का राजस्व वसूला जा सके। नगर पालिका की लीज तथा किराये पर दी गई संपत्तियों पर आज के बाजारू मूल्यांकन के हिसाब से किराया वसूला जाएगा। इस मौके पर सभासद नंदलाल सोनकर ने झूलाघर में फिर से झूला स्थापित करने की मांग की।
बैठक में सभाषद प्रताप सिंह पंवार, दर्शन सिंह रावत, सुरेश थपलियाल, पंकज खत्री, कुलदीप रौंछेला, जसबीर कौर, आरती अग्रवाल, मनीषा खरोला, सरिता पंवार, सरिता देवी, जशोदा शर्मा, अधिशासी अधिकारी एमएल शाह, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सिंह, नगर अभियंता रमेश बिष्ट मौजूद रहे।





