उपेंद्र कुशवाहा का तीखा प्रहार, कहा- नीतीश और PM मोदी की सरकार को उखाड़ फेंकें

पटना। रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने पटना व दिल्ली की सरकारों को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षा में सुधार नहीं होगा, तब तक गरीबों की जिंदगी में खुशहाली नहीं आएगी। इसके लिए बिहार से नीतीश कुमार और केंद्र से नरेंद्र मोदी की सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। वे जहानाबाद के कुर्था में शिक्षा सुधार यात्रा के पहले दिन लोगों को संबोधित कर रहे थे। शुक्रवार को यात्रा का दूसरा दिन है। इसके पहले सावित्री फुले बाई की तस्वीर पर उन्होंने माल्यार्पण किया।
बता दें कि कुर्था से रालोसपा ने शिक्षा में सुधार यात्रा की शुरुआत की। यह यात्रा नौ दिनों तक चलेगी। उन्होंने इस यात्रा को शुरू किये जाने की घोषणा पहले ही कर दी थी। साथ ही इसकी सफलता के लिए रालोसपा के कार्यकर्ता जिलों में भी संपर्क कर रहे थे। चूंकि इस यात्रा के माध्यम से वे नीतीश कुमार को निशाने पर ले रहे हैं, सो इसकी व्यापक तैयारी की गई है।
दरअसल महागठबंधन में शामिल होनेवाले उपेंद्र कुशवाहा एनडीए में रहते हुए बिहार में शिक्षा में गिरावट को लेकर नीतीश सरकार को घेरने लगे थे। इसे लेकर उन्होंने कई बार खुलेआम नाम लेकर नीतीश कुमार पर निशाना साधा था। महागठबंधन में शामिल होने के बाद उन्होंने अपनी लड़ाई और तेज कर दी। शिक्षा सुधार यात्रा को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। कुशवाहा ने अपने ट्वीट में इस यात्रा को लेकर सूबे के लोगों से साथ देने की उम्मीद भी जताई है।
गौरतलब है कि ‘शिक्षा सुधार यात्रा’ के समापन के बाद इसकी अगली कड़ी में रालोसपा की ओर से दो फरवरी को आक्रोश मार्च निकाला जायेगा। बता दें कि एनडीए में रहते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष बिहार में शिक्षा में सुधार को लेकर 25 सूत्री मांगों को रखा था। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि नीतीश कुमार हमारी इन मांगों को पूरा कर देते हैं तो वो जो कहेंगे, वो मैं करूंगा। हालांकि ऐसा कुछ हुआ नहीं और बाद में कुशवाहा महागठबंधन में शामिल हो गए।





