उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर 979 उम्मीदवार….

लोकतंत्र के स्वयंवर में उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर 979 उम्मीदवार मतदाताओं के जरिये अपना वरण किये जाने के सपने संजोये हुए हैं। लोकसभा चुनाव 2019 के सातवें और अंतिम चरण के लिए नामांकन वापस लिये जाने की समयसीमा बीतने के बाद यह तस्वीर उभर कर सामने आयी है। वर्ष 2014 में लोकसभा के पिछले चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों पर कुल 1288 प्रत्याशी मैदान में थे। जाहिर है कि पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार प्रदेश में प्रत्याशियों की संख्या घटी है। 
प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से सबसे ज्यादा उम्मीदवार अमेठी की बहुचर्चित सीट पर किस्मत आजमा रहे हैं। यहां कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय वस्त्र मंत्री स्मृति ईरानी समेत कुल 27 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उम्मीदवारों की संख्या के लिहाज से दूसरा स्थान वाराणसी सीट का है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कुल 26 प्रत्याशी चुनावी दंगल में ताल ठोक रहे हैैं। तीसरे नंबर पर जौनपुर सीट है जहां से 20 उम्मीदवार लोकसभा की देहरी लांघने की कोशिश में जुटे हैं।
वहीं सबसे कम प्रत्याशी गोरखपुर की बांसगांव (अनुसूचित जाति) सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। यहां कुल चार प्रत्याशी ही मैदान में हैं। सबसे कम प्रत्याशियों वाली सीटों में जालौन दूसरे पायदान पर है जहां कुल पांच प्रत्याशी दौड़ में शामिल हैं। तीसरे स्थान पर फीरोजाबाद सीट है जहां कुल छह उम्मीवार भाग्य आजमा रहे हैं।
चरण – सीटें – कुल प्रत्याशी
पहला – 08 – 85
दूसरा – 08 – 96
तीसरा – 10 – 120
चौथा – 13 – 152
पांचवां – 14 – 182
छठवां – 14 -177
सातवां – 13 – 167





