ईद के अवसर पर राज्यपाल लालजी टंडन तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार व देशवासियों को दी मुबारकबाद

चांद दिखने के बाद ईद का त्योहार बुधवार को मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्यपाल लालजी टंडन तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार व देशवासियों को मुबारकबाद दी है। इस अवसर पर बिहार विधान परिषद व बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष क्रमश: राबड़ी देवी व तेजस्वी यादव ने भी ईद की बधाई दी है।
प्रेम, भाइचारा व उल्लास के साथ मनाएं त्योहार: राज्यपाल
अपने बधाई संदेश में राज्यपाल लालजी टंडन ने ईद का त्योहार प्रेम, भाइचारा व उल्लास के साथ मनाने की अपील की है, ताकि राष्ट्रीयता व सामाजिक सद्भाव सुदृढ़ हो। राज्यपाल ने दुआ की है कि राज्य में सुख-शांति व समृद्धि के भाव महफूज रहें, ताकि बिहार लगातार तरक्की की राह पर आगे बढ़ता रहे।
ईद पर खुदा हम सबों पर करें रहमतों की बारिश: मुख्यमंत्री
पटना के गांधी मैदान में ईद की नमाज के समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पहुंचे। उन्होंने वहां ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने समाज में भाइचारा, प्रेम व एकता के भाव की कामना की। कहा कि लोग शांति के साथ समाज में एक-दूसरे का सम्मान करें, यही दुआ करें। मुख्यमंत्री ने बिहार में इस साल सूखे की स्थिति को देखते हुए बारिश की भी कामना की। साथ ही एक-दूसरे का सम्मान करने की भी बात कही।
इसके पहले मंगलवार को भी अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कामना की कि पवित्र रमजान माह में की गई इबादत और रोजे से रोजेदारों के घर-परिवार के साथ प्रदेश व देश में शांति व समृद्धि आए तथा समाज में अमन-चैन व भाइचारा कायम रहे। उन्होंने कहा कि ईद का दिन ईनाम का दिन है। इस दिन खुदा अपने नेक बंदों को ईनाम से नवाजते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि खुदा हम सबों पर रहमतों की बारिश करें। हम सबों का जीवन सुख-शांति व समृद्धि से भरा हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में विभिन्न धर्मों, सम्प्रदायों व मतावलम्बियों के बीच पारस्पिरिक सौहार्द्र, प्रेम व सहिष्णुता बेमिसाल है। यहां सभी लोग एक-दूसरे के त्याहारों में शामिल होकर खुशियां बांटते हैं। मुख्यमंत्री ने सौहार्द्र, प्रेम व सहिष्णुता के साथ ईद मनाने का आह्वान किया।
राबड़ी देवी व तेजस्वी यादव ने भी दी ईद की बधाई
बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी तथा बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने देश-प्रदेशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी है। तेजस्वी ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि कि लोग इस त्योहार को मेल-जोल एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं।





