इस Playing XI के साथ आज भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ उतरेगा अपने पहले टी-20 में मैच में…

वर्ल्ड कप 2019 की हार को भुलाकर विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाफ आज यानी शनिवार को फ्लोरिडा के सेंट्रल ब्रोवार्ड रीजनल पार्क स्टेडियम में तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में उतरेगी. यह सीरीज अगले साल होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की तैयारियों का पहला चरण साबित होगी.

वेस्टइंडीज दौरे पर जाने से पहले भारत के कप्तान विराट कोहली ने कहा था कि 2020 और 2021 में होने वाले वर्ल्ड टी-20 ने यह सुनिश्चित किया कि खिलाड़ियों के पास खेलने के लिए हमेशा कुछ न कुछ हो. इसलिए तीन मैचों की सीरीज में युवा खिलाड़ियों को भी अपना कौशल दिखाने का मौका मिलेगा.

भारतीय क्रिकेट टीम के कोच के पद के लिए आवेदनों की बाढ़…

विराट कोहली की सेना फ्लोरिडा में खेले जाने वाले पहले टी-20 मुकाबले में मेजबान वेस्टइंडीज को मात देना चाहेगी. आइए एक नजर डालते हैं कि भारत किस प्लेइंग इलेवन के साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 में उतर सकता है-

ओपनर: रोहित शर्मा और शिखर धवन की जोड़ी पर ओपनिंग का जिम्मा है. रोहित शर्मा टी-20 इंटरनेशनल में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब हैं. रोहित ने 94 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में अब तक 102 छक्के लगाए हैं, जबकि गेल ने इस फॉर्मेट में सबसे अधिक 105 छक्के लगाए हैं. रोहित शर्मा के नाम टी-20 इंटरनेशनल मैचों में सबसे अधिक रनों का रिकॉर्ड है. रोहित ने 32.37 की औसत से कुल 2331 रन बनाए हैं, जिसमें उनके रिकॉर्ड चार शतक शामिल हैं.

नंबर 3: नंबर 3 पर केएल राहुल को बल्लेबाजी के लिए भेजा जा सकता है. अगर प्रबंधन श्रेयस अय्यर को मौका नहीं देती तो लोकेश राहुल की जगह पक्की नजर आ रही है. राहुल टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने से मात्र 121 रन दूर हैं. राहुल अगर वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 में 121 रन बना लेते हैं तो वह टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने वाले सातवें भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे. राहुल अगर पहले ही मैच में 121 रन बना लेते हैं तो अपनी 25वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल कर लेंगे तो वे पाकिस्तानी बल्लेबाज बाबर आजम के 26 पारियों में बनाए गए 1000 रन के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे. 

नंबर 4: नंबर 4 पर खुद कप्तान विराट कोहली उतर सकते हैं. वर्ल्ड कप में हार के बाद विराट कोहली की कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं, ऐसे में विराट पर अच्छे प्रदर्शन का दबाव होगा. 

नंबर 5: ऋषभ पंत पर विकेटकीपिंग और नंबर 5 पर बल्लेबाजी का दारोमदार होगा. अनुभवी महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर स्पष्टता नहीं है जिससे पंत अब तीनों प्रारूपों में पसंदीदा विकल्प बन गए हैं और चयनसमिति द्वारा वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम चुने जाने के बाद मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने भी इस ओर इशारा किया था. कोहली ने मैच की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को कहा, ‘यह ऋषभ पंत जैसे किसी खिलाड़ी के लिए बहुत अच्छा मौका है. अगर वह अपनी साख के मुताबिक खेलता है तो वह वास्तव में बहुत सारे अंतरराष्ट्रीय मैच खेल सकता है, उसे इस स्तर पर अपनी क्षमता दिखानी होगी.’

ऑलराउंडर:  क्रुणाल पंड्या ऑलराउडर की भूमिका में होंगे, जो लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी करने के साथ-साथ नंबर 6 पर टीम इंडिया की बल्लेबाजी को मजबूती देंगे.

स्पिन डिपार्टमेंट: इस मैच में स्पिन डिपार्टमेंट में रवींद्र जडेजा और लेग स्पिनर राहुल चाहर को मौका मिल सकता है. राहुल चाहर को अगर खेलने का मौका मिलता है तो भारत के लिए अपना पहला इंटरनेशनल मुकाबला खेलेंगे. 

तेज गेंदबाज: इस मैच में तेज गेंदबाज नवदीप सैनी भी इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण कर सकते हैं, क्योंकि कई सीनियर तेज गेंदबाजों को आराम दिया गया है. वेस्टइंडीज दौर के लिए चुनी गई टी-20 टीम में भुवनेश्वर कुमार ही एकमात्र वरिष्ठ तेज गेंदबाज हैं. तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर खलील अहमद को मौका मिल सकता है.
संभावित प्लेइंग इलेवन:

भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), क्रुणाल पंड्या, रवींद्र जडेजा, राहुल चाहर, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद, नवदीप सैनी.

Back to top button