इंफाल में मोदी का बड़ा बयान, कहा- ‘कांग्रेस ने पूर्वोत्‍तर को दिल्‍ली से दूर किया’

2019 के लोकसभा चुनावों के लिए बीजेपी के प्रचार को शंखनाद करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को मणिपुर के इंफाल में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं. इस दौरान उन्‍होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने पूर्वोत्‍तर को दिल्‍ली से दूर कर दिया है. इंफाल में मोदी का बड़ा बयान, कहा- 'कांग्रेस ने पूर्वोत्‍तर को दिल्‍ली से दूर किया'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मणिपुर के हप्ता कांगजीबंग में जनसभा के दौराप आठ परियोजनाओं का उद्घाटन किया और चार अन्य योजनाओं की आधारशिला रखी. पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि जिस मणिपुर को, जिस नॉर्थ ईस्ट को नेताजी ने भारत की आजादी का गेटवे बताया था, उसको अब न्‍यू इंडिया की विकास गाथा का द्वार बनाने में हम जुटे हुए हैं. जहां से देश को आजादी की रोशनी दिखी थी, वहीं से नए भारत की सशक्त तस्वीर आप सभी की आंखों में स्पष्ट दिखाई दे रही है.

उन्‍होंने कहा ‘मैं खुद बीते साढ़े चार साल में करीब 30 बार नॉर्थ ईस्ट आ चुका हूं. आपसे मिलता हूं, बातें करता हूं तो एक अलग ही सुख मिलता है, अनुभव मिलता है. मुझे अफसर से रिपोर्ट नहीं मांगनी पड़ती, सीधे आप लोगों से मिलती है. ये फर्क है पहले और आज में. ऐसे निरंतर प्रयासों की वजह से अलगाव को हमने लगाव में बदल दिया है. आज इन्हीं कोशिशों की वजह से पूरा नॉर्थ ईस्ट परिवर्तन के एक बड़े दौर से गुजर रहा है.’

पीएम मोदी ने कहा कि 30-40 साल से अटके हुए प्रोजेक्ट्स पूरे किए जा रहे हैं. आपके जीवन को आसान बनाने की कोशिश की जा रही है. आज मणिपुर को 125 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बने इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट का भी उपहार मिला है. ये सिर्फ एक चेक पोस्ट नहीं है दर्जनों सुविधाओँ का केंद्र भी है.

Back to top button