इंदौर में जल संकट को लेकर विधायक के घर पर प्रदर्शन, भाजपा पार्षद के साथ पहुंचे रहवासी

इंदौर में जल संकट को लेकर अब जनप्रतिनिधियों लोगों का गुस्सा सड़कों पर नजर आ रहा है। पिछले दिनों जल संकट को लेकर भाजपा विधायक महेंद्र हडिया ने कड़े तेवर दिखाए थे तो शनिवार को भाजपा पार्षद लाल बहादुर वर्मा ने भाजपा के विधायक रमेश मेंदोला के घर पर रहवासियों के साथ जाकर प्रदर्शन किया।

उनका कहना था कि वार्ड से जिस टंकी से पानी आता है, उसे दूसरे वार्डो में भेजा जा रहा है। निगम के टैंकर भी नहीं आ रहे है। लोगो को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। प्रदर्शन को देखते हुए विधायक निवास पर पुलिस बल भी तैनात हो गया था।

सुबह पाटनीपुरा से रहवासी जुलूस की शक्ल में विधायक रमेश मेंदोला के निवास पर सैकड़ों की संख्या में आ गए। वे सड़क पर बैठ गए और पानी दो पानी दो और टंकी बनाओ के नारे लगाने लगे। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्षद वर्मा ने कहा कि पानी को लेकर हालात बिगड़ गए है। नलों में दो-तीन बाल्टी पानी बड़ी मुश्किल से आ रहा है। विधायक ने इत्मीनान से रहवासियों की बातें सुनी और कहा कि वार्ड 26 को लेकर मेयर और अफसरों से चर्चा हो चुकी है। वार्ड में नई टंकी भी बनाने का काम शुरू होगा। मौजूदा जलसंकट को दूर करने के लिए टैंकरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। 

आपको बता दें कि इंदौर में जलसंकट को लेकर एक सप्ताह में दस से ज्यादा स्थानों पर प्रदर्शन हो चुके है। जलसंकट को लेकर मेयर पुष्यमित्र भार्गव का कहना है कि बीते दस वर्षों में जिस तेजी से शहर की आबादी बढ़ी उसकी तुलना में पानी के स्रोत बढ़ाने की दिशा में काम नहीं हुए है।

Back to top button