इंडिगो की दुबई फ्लाइट में क्रू ने भारतीय करंसी लेने से इनकार किया: पैसेंजर

नई दिल्ली.इंडिगो एयरलाइन्स से दुबई जा रहे एक पैसेंजर का आरोप है कि ऑन बोर्ड सेल्स (खाने के ऑर्डर) के लिए क्रू ने भारतीय करंसी लेने से इनकार कर दिया। वे बेंगलुरु से फ्लाइट में सवार हुए थे। बिजनेसमैन प्रमोद कुमार ने मंगलवार को इस मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस से कर देशद्रोह की धाराओं में कार्रवाई की मांग की। इस घटना पर इंडिगो ने बुधवार को न्यूज एजेंसी से कहा, ”फेमा (फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट) रेग्यूलेशन को ध्यान में रखते हुए हमारी एयरलाइंस इंटरनेशनल फ्लाइट्स में इंडियन करंसी नहीं लेती है। यह ऑन-बोर्ड सेल्स मैन्यू में साफ पर लिखा होता है।”
ऑन-बोर्ड सेल्स के लिए RBI से गुहार लगाई
क्या है मामला?
– मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली के प्रमोद जैन 10 नवंबर को बेंगलुरु से दुबई जाने के लिए इंडिगो फ्लाइट (6E95) में सवार हुए थे। उनकी टिकट में खाना शामिल नहीं था। फ्लाइट में चढ़ने के बाद प्रमोद ने खाना ऑर्डर किया।
– दिल्ली पुलिस को दी शिकायत में प्रमोद ने बताया कि इंडिगो क्रू ने उन्हें खाना देने से इनकार कर दिया, क्योंकि वे इसका पेमेंट भारतीय करंसी में कर रहे थे। क्रू ने उनसे कहा कि उन्हें सिर्फ फॉरेन करंसी लेने के ऑर्डर हैं।
– हालांकि, प्रमोद का दावा है कि नियमों के मुताबिक, कोई पैसेंजर जहां से चढ़ा है और जिस देश में जा रहा है। वह दोनों में से किसी भी करंसी में पेमेंट कर सकता है।
इंडिगो पर देशद्रोह का केस दर्ज हो: पैसेंजर
– प्रमोद कुमार ने मंगलवार को दिल्ली के सरोजनी नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने इंडिगो के खिलाफ आईपीसी 124A (देशद्रोह) के तहत कार्रवाई की मांग की है।
– प्रमोद ने मीडिया से कहा, ”भारत की सीमा में राष्ट्रीय करंसी लेने से इनकार करना देशद्रोह है। मैंने नेशनल ऑनर एक्ट, 1971 के अपमान के मुद्दे को उठाया है। इससे जुड़े केस की सुनवाई 15 दिसंबर को होगी।”
पिछले दिनों इन खबरों से चर्चा में रही इंडिगो
1. एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर से गिरी पैसेंजर
– 13 नवंबर को लखनऊ एयरपोर्ट पर एक महिला पैसेंजर के व्हीलचेयर से गिरने पर इंडिगो ने माफी मांगी थी। साथ ही फ्लोर पर क्रैक (छोटा गड्ढे) को हादसे की वजह बताया। एयरलाइन्स ने इस क्रैक का फोटो भी जारी किया। इंडिगो स्टाफ महिला को अराइवल हॉल की ओर ला रहा था।
ये भी पढ़ें: सूफियां चौक फैक्टरी हादसा- 13 मौतों के बाद अब फैक्टरी का पोस्टमार्टम
2. अक्टूबर में दिल्ली में हुई थी बदसलूकी
– 15 अक्टूबर को इंडिगो स्टाफ ने बस में चढ़ने को लेकर एक बुजुर्ग पैसेंजर से मारपीट की थी। इस घटना का वीडियो 7 नवंबर को सोशल मीडिया पर आया और वायरल हो गया। इंडिगो ने पैसेंजर से माफी मांगी थी। घटना के आरोपी दोनों स्टाफ मेंबर्स को टर्मिनेट कर दिया गया था।





