इंग्लैंड ने ऐतिहासिक लॉर्ड्स स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट मैच में आयरलैंड पर 181 रनों की बढ़त

इंग्लैंड ने ऐतिहासिक लॉर्ड्स स्टेडियम में खेले जा रहे चार दिनों के एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन आयरलैंड पर 181 रनों की बढ़त बना ली है. मेजबान टीम ने गुरुवार को दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में 9 विकेट के नुकसान पर 303 बना लिये हैं. स्टुअर्ट ब्रॉड 21 और ओली स्टोन बिना खाता खोले क्रीज पर टिके हैं.

पहले दिन महज 85 रनों पर सिमटने और पहली पारी में 122 रनों से पिछड़ने के बाद मेजबान टीम की शुरुआत दूसरी पारी में भी अच्छी नहीं रही. सलामी बल्लेबाज रोरी बर्न्‍स महज छह रन बनाकर 26 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए.

इसके बाद जैक लीच ने जेसन रॉय के साथ दूसरे विकेट के लिए 145 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाई और टीम के स्कोर को 150 के पार पहुंचाया.

आयरलैंड की टीम हालांकि वापसी करने में कामयाब रही. 171 के कुल योग पर स्टुअर्ट थॉम्पसन ने रॉय (72) को आउट करके मेजबान टीम को दूसरा झटका दिया. इसके तुरंत बाद 182 के स्कोर पर टिम मुर्टघ ने लीच (92) को पवेलियन की राह दिखाई.

जो डेनली भी 10 रन बनाकर आउट हुए और जॉनी बेयरस्टो दूसरी पारी में भी बिना खाता खोले आउट हो गए. चाय के बाद मेजबान टीम ने मोईन अली (9), जो रुट (31) और क्रिस वोक्स (13) के विकेट खोए. युवा खिलाड़ी सैम कुरेन ने 29 गेंदों में 37 रनों की धुआंधार पारी खेलकर इंग्लैंड की बढ़त को 150 के पार पहुंचाया.

आयरलैंड की ओर से मार्क अडायर ने तीन और थॉम्पसन एवं ब्यॉड रैंकिन को दो-दो विकेट मिले. मुर्टघ को एक विकेट मिला.

Back to top button