इंग्लैंड टेस्ट टीम के नए ‘बॉस’ बनेंगे राहुल द्रविड़!

ब्रैंडन मैकुलम को टेस्ट में खराब प्रदर्शन के बाद इस प्रारूप में इंग्लैंड के कोच पद से हटाए जाने के बाद भारत के महान खिलाड़ी राहुल द्रविड़ उनकी जगह लेने के दावेदारों में शामिल हो गए हैं। ‘डेली टेलीग्राफ’ की एक रिपोर्ट के अनुसार इस दावेदारी में द्रविड़ उन संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं, जिनमें इंग्लैंड के पूर्व कोच एंडी फ्लावर और इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर रिचर्ड डॉसन भी हैं।
न्यूजीलैंड के विरुद्ध घरेलू सीरीज में इंग्लैंड की 1-2 से हार के बाद टेस्ट कोच के तौर पर मैकुलम का चार साल का कार्यकाल खत्म हो गया। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने अगले साल होने वाली एशेज सीरीज से पहले ‘बदलाव करने का सही समय’ मानते हुए यह फैसला लिया।
राहुल द्रविड़ बन सकते हैं कोच
मैकुलम हालांकि इंग्लैंड की वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम के कोच बने रहेंगे। 53 वर्षीय द्रविड़ ने भारत को 2024 टी-20 विश्व कप का खिताब और 2023 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंचाया। उन्हें उनके काम करने के तरीके और खेल की गहरी समझ के कारण एक बेहतरीन उम्मीदवार माना जा रहा है।
द्रविड़ नहीं करना चाहते कोचिंग
हालांकि रिपोर्ट के अनुसार द्रविड़ की पूर्ण कालिक कोचिंग करने की कोई इच्छा नहीं है, लेकिन इंग्लैंड के टेस्ट कोच पद से उन्हें घर पर ज्यादा समय बिताने और खेल के अपने पसंदीदा प्रारूप को जीवंत बनाए रखने में मदद करने का मौका मिलेगा। रिपोर्ट में जिन अन्य नामों का जिक्र है, उनमें श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा, इंग्लैंड लॉयंस के कोच एंड्रयू फ्लिंटाफ, पाकिस्तान के मुख्य कोच माइक हेसन और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच जस्टिन लैंगर शामिल हैं।





