इंग्लैंड के इस बल्लेबाज पर ICC ने लगाया जुर्माना, जानिए पूरी वजह

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय पर आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. गुरुवार को एजबेस्टन में मेजबान और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व कप के सेमीफाइनल के दौरान उन्हें लेवल-1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया.

इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में 8 विकट से मात देकर फाइनल में जगह बना ली. फाइनल में रविवार को इंग्लैंड का सामना न्यूजीलैंड से होगा, जिसने भारत को हरा फाइनल में प्रवेश किया है. इंग्लैंड ने 27 साल बाद विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई.

इंग्लैंड की जीत में जेसन रॉय ने 65 गेंदों में 9 चौके और 5 छक्के की मदद से 85 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्हें खिलाड़ियों और कार्मिक की आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 का उल्लंघन का दाषी पाया गया, जो अंपायर के फैसले पर असंतोष दिखाने से संबंधित है.

जेसन रॉय पर 30 प्रतिशत जुर्माने के अलावा दो डिमेरिट अंक उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में जोड़े गए हैं. दरअसल, जेसन ने इंग्लैंड की पारी के 19वें ओवर में पैट कमिंस की गेंद पर विकेट के पीछे अलेक्स कैरी के हाथों लपके जाने के बाद गहरा असंतोष जताया था. वह बार-बार इशारा करते रहे कि गेंद उनके बल्ले से छूकर गई ही नहीं है, लेकिन अंपायर कुमार धर्मसेना अपनी अंगुली उठा चुके थे.

रिप्ले में दिखा कि गेंद बल्ले से लगकर गई ही नहीं है, लेकिन इंग्लैंड के पास कोई रिव्यू नहीं बचा था. इस वजह से जेसन रॉय के लिए क्रीज छोड़ने के अलावा कोई रास्ता नहीं था. आउट होकर पवेलियन लौटते वक्त वह इतने गुस्से में थे कि उन्होंने सीढ़ियों पर चढ़ते हुए वहां रखी सामग्री पर भी अपना बल्ला मारा.

मौजूदा वर्ल्ड कप में एक बार फिर इंग्लैंड की सलामी जोड़ी ने बताया कि क्यों वो इस समय सबसे खतरनाक जोड़ी है. जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो (34) की इस जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 17.2 ओवरों में 124 रन जोड़ अपनी टीम की जीत तय कर दी थी.

Back to top button