इंग्लैंड के इस पूर्व क्रिकेटर ने विराट कोहली को लताड़ा, फिर मांगनी पड़ी माफी

भारत और ऑस्ट्रेलिया के खेले गए मुकाबले को चार दिन हो गए हैं लेकिन यह मैच अभी भी सोशल मीडिया पर इंग्लैंड के एक पूर्व खिलाड़ी के कारण चर्चा में है. इस मैच में मैदान पर भारतीय दर्शकों ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी स्टीव स्मिथ की हूटिंग की थी, जिसके बाद कोहली ने उन्हें ऐसा नहीं करने को कहा, जिसके बाद कोहली की चारों तरफ तारीफ हुई. लेकिन इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर निक कॉम्पटन ने विराट की इसके लिए आलोचना की. इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर खिंचाई हुई और उन्हें विराट से माफी मांगनी पड़ी.
निक कॉम्पटन ने एक वीडियो में कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि विराट के पास वॉर्नर और स्मिथ पर हूटिंग करने वाले प्रशंसकों को रोकने का कोई अधिकार था, अगर सच कहा जाए तो वह कृपालु है!’ इसके बाद सोशल मीडिया पर वो ट्रोल हो गए.
फैंस के रिएक्शन देख निक ने कोहली से अपने बर्ताव के लिए माफी मांगी. उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘अगर लोगों को लगता है कि विराट कोहली के बारे में मेरी टिप्पणी गलत थी तो मुझे खेद है… मुझे यकीन है कि मेरी टिप्पणी से किसी को कोई हानि नहीं पहुंची होगी. मेरे इरादे अच्छे थे. क्रिकेट का मजा लीजिए और फैंस को एंजॉय करने दीजिए. मैं आपके विचारों को अपने अनुकूल रखने की तारीफ करता हूं.’
बता दें कि कोहली जब ऑस्ट्रेलिया के सामने बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे थे तब उन्होंने स्मिथ के खिलाफ आवाजें सुनीं. अपनी जाहिर आक्रामकता के लिए मशहूर कोहली ने तुरंत प्रशंसकों की तरफ इशारा कर उन्हें चुप रहने और स्मिथ को सराहने को कहा.
मैच के बाद कोहली ने कहा, ‘क्योंकि यहां कई सारे भारतीय प्रशंसक थे इसलिए मैं नहीं चाहता था कि वह एक बुरी नजीर देकर यहां से जाए. ईमानदारी से कहूं तो उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया है, जिसके कारण उन्हें ताने सुनने पड़े.’
भारतीय कप्तान ने कहा, ‘वह सिर्फ क्रिकेट खेल रहे हैं. वो वहां खड़े हुए थे और मुझे यह देखकर काफी बुरा लगा क्योंकि अगर मैं उस स्थिति में होता जहां मेरे साथ कुछ हुआ होता और मैं इसके लिए माफी मांग चुका होता और मैं वापस आकर खेल रहा होता, फिर मेरे ऊपर छींटाकशी की जाती तो मुझे पसंद नहीं आता.’
उन्होंने कहा, ‘इसलिए मुझे उनके लिए बुरा लगा और मैंने उनसे कहा कि मैं इन सभी की तरफ से आपसे माफी मांगता हूं क्योंकि मैंने देखा है कि ऐसा पहले भी काफी मैचों में हो चुका है और मेरे विचार में यह सही नहीं है.’
I don’t think Virat Kohli had any right to tell fans to stop booing at Warner and Smith but rather clap them.. found it rather condescending if truth be told! @cricketworldcup #CricketWorldCup2019 pic.twitter.com/yUnxdki9Wk
— Nick Compton (@thecompdog) June 10, 2019





