आज महागठबंधन दलों के बीच होगी बैठक, कई मुद्दों पर होगी चर्चा

पूर्वोत्तर में महागठबंधन के दलों के नेताओं की पहली औपचारिक बैठक सोमवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव के आवास पर होगी। इस बैठक में सीट शेयरिंग के फार्मूले को अंतिम रूप दिया जा सकता है। बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं। बैठक में कई नेता रालोसपा अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, वीआईपी अध्यक्ष मुकेश सहनी, हम अध्यक्ष जीतन राम मांझी, कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मदनमोहन झा, लोजद के प्रदेश अध्यक्ष रमई राम शामिल होंगे।
राहुल ने भी बुलाया दिल्ली
प्राप्त जानकारी अनुसार कांग्रेस के राष्ट्रिय अध्यक्ष राहुल गांधी ने नौ जनवरी को बिहार महागठबंधन की रुपरेखा तय करने में कांग्रेस की क्या भूमिका होगी, इसके लिए बिहार कांग्रेस के नेताओं को दिल्ली बुलाया है। इस लिहाज से यह बैठक काफी अहम है। ऐसा कहा जा रहा है कि पार्टी इस बैठक के जरिए अन्य दलों के रुख को जानने की कोशिश करेगी।
सबकुछ तय हो जाएगा
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार कांग्रेस का कहना है कि सीटों के तालमेल में कोई दिक्कत नहीं है। फैसला उचित समय पर लिया जाएगा। पार्टी के राज्य प्रभारी ने बताया कि यह तय हुआ है कि अगले हफ्ते किसी भी दिन राजद, कांग्रेस और दूसरे सहयोगी दल के नेता बैठेंगे। अभी ऐसा नहीं है कि इसी बैठक में सबकुछ तय हो जाएगा।





