आज ही के दिन सचिन ने पाक को दिखाई थी आंख, 16 की उम्र में रचा था ये बड़ा इतिहास

सचिन तेंदुलकर ने ठीक 29 साल पहले आज ही के दिन (24 नवंबर, 1989) पाकिस्तान के खिलाफ इतिहास रच दिया था। 16 साल 214 दिन के सचिन ने फैसलाबाद में टेस्ट हाफ सेंचुरी जड़ी थी। यह उनका पहला अर्धशतक था।, जिसके साथ ही वह टेस्ट में यह कारनामा करने वाले दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज बने थे।
16 साल 205 दिन की उम्र में डेब्यू करने वाले सचिन ने अपनी पहली सीरीज के दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान के खिलाफ यह कमाल किया। 23-28 नवंबर के बीच खेला गया यह मैच ड्रॉ रहा। पाकिस्तान की कप्तानी कर रहे इमरान खान ने टॉस जीतकर भारत को बल्ला थमाया।
पहली बार विदेशी दौरे पर गए सचिन तेंदुलकर को इमरान खान, वसीम अकरम और अब्दुल कादिर जैसे दिग्गज पाकिस्तानी गेंदबाजों का सामना करना था। पहली पारी में भारतीय टीम महज 288 रन ही सिमट गई।
अब फैसलाबाद में उन्हें खुद को साबित करने का मौका था। पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर रही थी। महज 101 रन पर चार विकेट गिर चुके थे। ऐसे में सचिन ने मांजरेकर के साथ पांचवें विकेट के लिए 143 रन जोड़े।
सचिन ने साफ कर दिया कि उम्र भले ही कम हो लेकिन उनके इरादे मजबूत हैं। उन्होंने 172 गेंदों का सामना किया और 59 रन की पारी खेली। आखिरी में वह 59 रन बनाकर इमरान की गेंद पर LBW हो गए। इसके बाद उन्होंने टेस्ट में 51 शतक और 68 अर्धशतक लगाए। वहीं वनडे में 49 सेंचुरी और 96 हाफ सेंचुरी लगाईं।





