आज से हुए ये 5 बड़े बदलाव, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर और कुछ चीजे होगी सस्ती…

1 अप्रैल से नए फाइनेंशियल ईयर का आगाज हो चुका है. आज से आपकी लाइफ से जुड़ी हुई कई चीजें बदल चुकी हैं. दरअसल, 1 अप्रैल यानि आज से रोजमर्रा की जिंदगी की चीजें महंगी हो गई हैं तो कुछेक चीजें सस्ती भी हुई हैं. आज हम आपको इस रिपोर्ट में महंगी और सस्ती चीजों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं. 
सस्ता घर खरीदने का मौका
आज यानि 1 अप्रैल से आपके सस्ते घर का सपना पूरा हो सकेगा. दरअसल, रियल एस्टेट सेक्टर के लिए जीएसटी की नई दरें 1 अप्रैल से लागू हो गई हैं. इस बदलाव के तहत निर्माणाधीन मकानों पर 12 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी जीएसटी लगा दिया गया है. वहीं किफायती दरों के घर पर 8 से घटाकर 1 फीसदी GST कर दिया गया है. जीएसटी स्लैब में कटौती का मतलब यह हुआ कि निर्माणाधीन और किफायती घरों की कीमत पहले के मुकाबले सस्ती हो जाएगी.
कार खरीदना हुआ महंगा
अगर आप कार खरीदने की सोच रहे हैं तो आपको पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी होगी. दरअसल, कई ऑटो कंपनियों ने काम की कीमतें बढ़ा दी हैं. जिन कंपनियों ने मुख्य रूप से कार की कीमतों में इजाफा किया है उनमें महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, जगुआर लैंड रोवर इंडिया और Toyota Kirloskar Motors शामिल हैं. टाटा मोटर्स की कार 25,000 रुपये तक महंगी हो सकती हैं. जबकि जगुआर लैंड रोवर इंडिया (जेएलआर) चुनिंदा मॉडलों की कीमत में 4 फीसदी तक की बढ़ोतरी करेगी. इसी तरह महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी अपने वाहनों की कीमतें अप्रैल से पांच हजार रुपये से 73 हजार रुपये तक बढ़ाने की घोषणा की थी. निसान इंडिया डैटसन गो और गो प्लस के दाम 4 प्रतिशत तक बढ़ाने वाली है.
CNG और PNG की कीमत में इजाफा
आज यानि 1 अप्रैल से प्राकृतिक गैस की कीमतों में 18 फीसदी तक की बढ़त हो गई है. इससे देश में पाइप से आपूर्ति होने वाली रसोई (PNG) और CNG की कीमतों में बढ़त होने की आशंका है. इसके अलावा बढ़त से मैन्युफैक्चरिंग, ट्रैवल, एनर्जी सेक्टर पर असर पड़ सकता है.





