आज से शुरू होगा गौ संवर्धन अभियान, डेढ़ साल चलेगा अभियान

भोपाल: पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती अब राज्य सरकार की गाय संरक्षण नीति पर मोर्चा खोलने जा रही हैं। शराब नीति के खिलाफ अभियान चलाने के बाद अब वे बुधवार से ‘गौ संवर्धन अभियान’ की शुरुआत करेंगी। यह अभियान करीब डेढ़ साल तक चलेगा। उमा भारती ने पहले सरकार की शराब नीति पर खुलकर विरोध जताया था, जिसके बाद सरकार को अहातों को बंद करने का निर्णय लेना पड़ा था। अब उनका कहना है कि सरकार की वर्तमान गाय संरक्षण नीति में कई खामियां हैं और इसे सुधारने की जरूरत है।

महिलाओं को लाड़ली बहना योजना के तहत मिलें दो गायें
उमा भारती ने सुझाव दिया है कि सरकार को लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत महिलाओं को दो-दो गायें देने की व्यवस्था करनी चाहिए। इससे एक ओर महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण मिलेगा, वहीं दूसरी ओर गौ-संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा।

हर जिले में एक ही गौशाला पर्याप्त
उन्होंने कहा कि गायों की रक्षा के लिए हर गाँव में गौशाला बनाने की आवश्यकता नहीं है। इसके बजाय हर जिले में एक मुख्य गौशाला होनी चाहिए, जबकि गायों की देखभाल की जिम्मेदारी किसानों को सौंपी जानी चाहिए। इस जिम्मेदारी के बदले किसानों को आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए।

Back to top button