भयंकर लू में पेट को ‘AC’ जैसा ठंडा रखेगी ये देसी ड्रिंक! FSSAI ने बताई रेसिपी

गर्मी का मौसम अब जोर पकड़ने लगा है। हाल ही में मौसम विभाग की तरफ से लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इन दिनों धूप से बचने और अपनी सेहत को दुरुस्त रखने के लिए रहन-सहन के साथ-साथ खानपान का ध्यान रखा भी जरूरी है।

इस मौसम लोग अक्सर अपनी डाइट में ऐसे फूड्स शामिल करते हैं, जो शरीर को अंदर से ठंडक पहुंचाए। ऐसे में बीते दिनों FSSAI यानी फूड सेफ्टी एंड स्टेंटर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए गर्मियों में खुद को ठंडा रखने के लिए एक टेस्टी और हेल्दी जौ राबड़ी की रेसिपी शेयर की है। आइए जानते हैं क्या है इसकी रेसिपी-

जौ की राबड़ी
सामग्री

जौ का दलिया – 1/2 कटोरी
बेसन – 2 छोटे चम्मच
गेहूं का आटा – 2 छोटे चम्मच
दही – 1/2 कटोरी
पानी – 6-8 कटोरी (1.5 लीटर)
छाछ – 2 गिलास
नमक – 1/2 छोटा चम्मच
पुदीने की पत्तियां – 1 टहनी कटी हुई (ऑप्शनल)
भुना हुआ जीरा – 1/4 छोटा चम्मच पाउडर (ऑप्शनल)

बनाने का तरीका
जौ की राबड़ी बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में दही और पानी डालकर अच्छी तरह फेंटकर स्मूद मिश्रण बना लें।
इस मिश्रण में बेसन और गेहूं का आटा डालकर अच्छी तरह मिला लें और एक घंटे के लिए रख दें।
अब टूटे हुए जौ यानी जौ की दलिया को धोकर इसका पानी निकाल दें।
एक गहरे पैन/प्रेशर कुकर में धुले हुए जौ, तीन कटोरी पानी और नमक डालकर धीमी आंच पर पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें और उबाल आने दें।
आंच धीमी करके इसे 5 मिनट तक पकने दें। फिर जौ में दही और मैदे का मिश्रण डालकर उबाल आने दें। इसमें गुठलियां न बने, इसके लिए लगातार चलाते रहें।
पकने के बाद, इसे ठंडा होने दें और रात भर के लिए रख दें। इससे राबड़ी खमीर हो जाएगी।
अगले दिन पकी हुई राबड़ी में छाछ डालकर अच्छी तरह मिला लें। गुठलियां हटाने के लिए मिश्रण को फेंट लें। अगर जरूरी हो तो मनचाही गाढ़ापन के लिए पानी डालें।
कटी हुई पुदीने की पत्तियां और भुना हुआ जीरा पाउडर (वैकल्पिक) डालकर ठंडा-ठंडा सर्व करें।

जौ की राबड़ी के फायदे
मुख्य रूप में राजस्थान में बनाई जाने वाली यह डिश गर्मियों में कई तरह से फायदेमंद होती है। इसे डाइट में शामिल करने से गर्मियों में होने वाली अपच, बदहजमी, गैसी जैसी समस्याओं से राहत मिलती है।

इसके अलावा यह ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में भी मददगार है, जिससे डायबिटीज के मरीजों के लिए यह फायदेमंद है। अगर आप वेट लॉस की कोशिश में लगे हैं, तो जौ की राबड़ी आपके लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकती है।

Back to top button