सिर्फ जगह ही नहीं, आपकी खुशियां भी खा रहा है घर का बिखरा सामान

हम अक्सर यही सोचते हैं कि घर में बेतरतीब ढंग से फैला हुआ सामान केवल हमारी जगह घेरता है, लेकिन सच्चाई इससे कहीं ज्यादा गहरी और चौंकाने वाली है। क्या आपने कभी सोचा है कि यह अव्यवस्था आपकी लव लाइफ और इमोशनल कनेक्शन को भी खामोशी से नुकसान पहुंचा सकती है?
नोएडा के यथार्थ अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉ. सामंत दर्शी का मानना है कि घर का यह बिखरा सामान हमारे रोमांटिक रिश्तों के लिए एक अदृश्य खतरे की तरह काम करता है। आइए इस आर्टिकल के जरिए समझते हैं कि कैसे यह साधारण-सी लगने वाली समस्या आपके रिश्ते में दूरियां पैदा कर सकती है।
दिमागी थकान और तनाव का बढ़ना
जब आप एक बिखरे हुए घर में समय बिताते हैं, तो आपका दिमाग अपने आप तनाव महसूस करने लगता है। इस लगातार बनी रहने वाली मानसिक थकावट के कारण आपके अंदर अपने पार्टनर के साथ प्यार भरे पल बिताने की न तो कोई इच्छा बचती है और न ही एनर्जी। रोमांस के लिए जो एक खुशनुमा माहौल चाहिए, वह इस तनाव में कहीं खो जाता है।
रोज-रोज की बहस और झगड़े
“यह कमरा किसने गंदा किया?” या “सामान समेटने की जिम्मेदारी सिर्फ मेरी ही क्यों है?” -ऐसी बातें अक्सर कपल्स के बीच तीखी बहस का कारण बन जाती हैं। साफ-सफाई को लेकर होने वाले ये छोटे-छोटे झगड़े धीरे-धीरे बड़े विवादों का रूप ले लेते हैं और रिश्ते में कड़वाहट पैदा कर देते हैं।
सुकून और आराम छिन जाना
प्यार और अपनेपन के लिए एक शांत और आरामदायक जगह का होना बहुत जरूरी है। अगर आपके सोफे या बिस्तर पर हर तरफ सामान फैला हो, तो आप वहां सुकून से बैठ ही नहीं सकते। जब आप अपने ही घर में फिजिकली अनकंफर्टेबल फील करते हैं, तो पार्टनर के करीब आना या एक-दूसरे के साथ शांति से समय बिताना काफी मुश्किल हो जाता है।
समय की बर्बादी और आपसी बातचीत में कमी
बिखरे हुए घर में चीजें समय पर नहीं मिलतीं, जिससे आपकी पूरी दिनचर्या बिगड़ जाती है। इस रोज की भागदौड़ और अफरा-तफरी में कपल्स एक-दूसरे के लिए सुकून का वक्त ही नहीं निकाल पाते। नतीजा यह होता है कि उनके बीच वह गहरी और सार्थक बातचीत नहीं हो पाती जो किसी भी रिश्ते की नींव होती है।
रिश्तों में ‘कम्युनिकेशन गैप’
कई बार घर का यह बिखराव सिर्फ सामान के फैलने तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह रिश्ते की उन कमियों को भी सामने लाता है जिन्हें आप अनदेखा कर रहे होते हैं। यह इस बात का इशारा हो सकता है कि रिश्ते में जिम्मेदारियों का बोझ किसी एक व्यक्ति पर ज्यादा है, या फिर दोनों पार्टनर्स के बीच आपसी समझ और हेल्दी कम्युनिकेशन की भारी कमी है।





