अश्वनी चौबे का बड़ा बयान, कहा- राम मंदिर बनेगा तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जाएंगे अयोध्या

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्वनी चौबे का कहना है कि मंदिर अयोध्या में नहीं तो क्या पाकिस्तान में बनेगा। अभी मामला कोर्ट में है। अब मुस्लिम भी मंदिर के पक्ष में आने लगे हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज के गेस्ट हाउस में मीडिया से रूबरू होते हुए चौबे बोले कि मंदिर बनेगा तो स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अयोध्या जाएंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के राफेल प्रकरण में ‘चौकीदार’ चोर है के बयान पर अश्वनी चौबे बोले कि जिस परिवार ने 70 साल तक देश को लूटा, गरीबों का हक मारा। वो प्रधानमंत्री की नीयत पर शक कर रहे हैं। मोदी के खिलाफ एकजुट होने वाले चोर-चोर मौसेरे भाई हैं। राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत पांचों राज्यों में होने वाले विधान सभा चुनाव के साथ उन्होंने 2019 में भाजपा की जीत का दावा किया।
स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में उन्होंने कहा कि 2022 तक 21 मेडिकल कालेज शुरू हो जाएंगे, इनमें छह संचालित होने लगे हैं। डॉक्टरों की कमी को दूर करने के प्रश्न पर कहा कि भाजपा सरकार ने पीजी की करीब 32 हजार और एमबीबीएस की 67 हजार सीटों की वृद्धि की है।





