अविनाश व पारुल ने जीती लखनऊ पिंक मैराथन

लखनऊ। हाल ही में 3000 मीटर स्टीपलचेज का 37 साल पुराना राष्ट्रीय कीर्तिमान ध्वस्त करते हुए राष्ट्रीय चैंपियन बने महाराष्ट्र के अविनाश सबले ने लखनऊ पिंक हाफ मैराथन (21 किलोमीटर) में पुरुषों का खिताब जीत लिया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय धाविकी यूपी की पारुल चौधरी महिला वर्ग में चैंपियन बनीं। दोनों एक-एक लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया गया। वहीं महिलाओं की क्रासकंट्री में सशस्त्र सेवा बल की खुशबू गुप्ता और पुरुष वर्ग की क्रासकंट्री का खिताब प्रमोद कुमार ने जीता।

राजधानी की सबसे बड़ी प्राइजमनी वाली हाफ मैराथन में हिस्सा लेने के लिए देश भर से करीब पांच हजार एथलीट व आमजन इकट्ठा हुए। पुरुषों में शुरुआत से अविनाश के जीतने के कयास लगाए जा रहे थे। 1090 चौराहे से शुरू हुई हाफ मैराथन में अविनाश सबसे ने शुरुआत से ही बढ़त बना ली थी। उन्होंने यह दौड़ 58 मिनट 01.94 सेकेंड में पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर अंतरराष्ट्रीय दुर्गा बहादुर बुद्धा रहे। उन्होंने 01 घंटा 00.01 सेकेंड का समय निकाला। तीसरे स्थान पर अंतरराष्ट्रीय धाकव रतीराम सैनी रहे। उन्होंने 01 घंटा 53 सेकेंड का समय लिया।

वहीं महिलाओं में अंतरराष्ट्रीय धाविका रेलवे की पारुल चौधरी ने अपने श्रेष्ठता साबित करते हुए खिताब अपने नाम किया। उन्होंने यह दौड़ 01 घंटा 12 मिनट 58 सेकेंड का समय दर्ज किया। वहीं अर्पिता सैनी 01 घंटा 14.39 सेकेंड का समय लेकर दूसरे स्थान पर रहीं। एक घंटा 14 मिनट 39 सेकेंड के समय के साथ दूसरे और रेलवे की सुधा पाल 01 घंटा 14 मिनट 58 सेकेंड समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। सशस्त्र सेवा बल की खुशबू गुप्ता ने महिलाओं की छह किलोमीटर क्रासकंट्री दौड़ में सबको पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। खुशबू ने यह दौड़ 21 मिनट 42 सेकेंड में पूरी की। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस की डिम्पल सिंह दूसरे और अंजली पटेल तीसरे स्थान पर रहीं।

पुरुषों की 10 किलोमीटर क्रासकंट्री का खिताब प्रमोद कुमार ने जीता। प्रमोद ने इस दौड़ में 34 मिनट 06.50 सेकेंड का समय निकाला। वीरेंद्र कुमार वर्मा दूसरे और जितेंद्र कुमार तीसरे स्थान पर रहे। राज्यपाल राम नाईक ने पुरस्कार वितरण किया। इसके पूर्व लखनऊ की मेटर संयुक्त भाटिया व खेल निदेशक डा. आरपी सिंह, जकार्ता एशियाई खेल की रजत पदक विजेता सुधा सिंह, अर्जुन पुरस्कार विजेता एथलीट गुलाब चंद, केजीएमयू के कुलपति प्रो. एमएलबी भट्ट, भारतीय खेल प्राधिकरण की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर रचना गोविल, विधायक गोरखनाथ बाबा व प्रतीक भूषण समेत तमाम लोग मौजूद थे।

परिणाम –
पुरुष वर्ग- 21 किलोमीटर
प्रथम- अविनाश सबले (महाराष्ट्र)
द्वितीय- दुर्गा बहादुर (सेना)
तृतीय- रती राम सैनी (रेलवे)

महिला वर्ग- 21 किलोमीटर
प्रथम- पारुल चौधरी (रेलवे)
द्वितीय- अर्पिता सैनी
तृतीय- सुधा पाल (रेलवे)

क्रासकंट्री पुरुष वर्ग- 10 किलोमीटर
प्रथम- प्रमोद कुमार
द्वितीय- वीरेंद्र कुमार
तृतीय- जितेंद्र कुमार

क्रासकंट्री महिला- 06 किलोमीटर
प्रथम- खुशबू गुप्ता (एसएसबी)
द्वितीय- डिम्पल सिंह (यूपी पुलिस)
तृतीय- अंजली पटेल

Back to top button