अमेरिकी सैटेलाइट ने खोली उत्तर कोरिया की पोल, विकसित कर रहा मिसाइल बेस

नई दिल्ली। एक तरफ जहां डोनाल्ड ट्रंप और किम जोंग उनके बीच दूसरी मुलाकात करने की संभावना जताई जा रही है वहीं दूसरी तरफ अमेरिकी सैटेलाइट से मिली जानकारी लगातार उत्तर कोरिया की पोल खोल रही हैं। ताजा मामले में एक बार फिर अमेरिकी सैटेलाइट द्वारा खींची गई तस्वीरों के माध्यम से ऐसी जगह सामने आई है जिसको लॉन्ग रेंज मिसाइल बेस बताया जा रहा है। यह अब तक दुनिया की नजरों से छिपा हुआ था। अमेरिकी सैटेलाइट ने पहली बार इसकी जानकारी दी है। यह दूर-दराज के इलाके में मौजूद ऊंची पहाडि़यों के बीच है।
जानकारी के मुताबिक सैटेलाइट इमेज में जो जगह दिखाई दे रही है वह यियोंगजियो डॉन्ग मिसाइल बेस की बताई जा रही है। इसकी खास बात यह भी है कि यह अब तक पूरी तरह से एक्टिव है। इसको लगातार विकसित किया जा रहा है। पांच माह पहले जिस उम्मीद के साथ सिंगापुर वार्ता हुई थी यह ताजा तस्वीरें उसका मजाक उड़ाता दिखाई दे रही हैं। हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब इस तरह की तस्वीरें सामने आई हैं। सिंगापुर वार्ता के कुछ समय बाद ही अमेरिकी सैटेलाइट से मिली तस्वीरों में उत्तर कोरिया की चीन से लगती सीमा पर दो इमारतों को लेकर भी ऐसी ही जानकारी आई थी। यह इमारतें आज भी अमेरिकी खुफिया एजेंसी की निगाह में हैं। हालांकि इनके रहस्य से पर्दा आज भी नहीं उठ सका है। लेकिन सिंगापुर वार्ता से लेकर अब तक अमेरिकी सैटेलाइट लगातार उत्तर कोरिया पर पैनी निगाह रखे हुए हैं।
अमेरिका के मिडिलबरी इंस्टिट्यूट ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज के मुताबिक उत्तर कोरिया ने यियोंगजियो डॉन्ग बेस पर ताजा निर्माण किया है। यह निर्माण पुरानी जगह से करीब सात किमी दूर किया गया है। यह जगह पहली बार सामने आई है।





