अमेरिका : शटडाउन खत्म कराने के लिए वोटिंग करवाएंगे डेमोक्रेट सांसद

इस बीच विपक्षी सांसदों पर तंज कसते हुए ट्रंप ने ट्वीट किया है कि डेमोक्रेट्स हमेशा की तरह फिर ऐसा विधेयक लाएंगे जिसमें सीमा सुरक्षा के लिए कुछ नहीं होगा। यानि दीवार के लिए धन के अलावा सब कुछ होगा। दीवार बनाए बिना सीमा सुरक्षित नहीं हो सकती। अमेरिका में चल रहे गतिरोध के कारण ट्रंप फ्लोरिडा गोल्फ रिसॉर्ट में वार्षिक छु्ट्टियां मनाने की जगह साल के अंत में ह्वाइट हाउस में ही रुके रहे।
सीमा पर दीवार के लिए वित्तीय प्रावधान करने से डेमोक्रेट्स के इनकार के बाद ट्रंप ने व्यापक खर्च संबंधी पैकेज पर दस्तखत करने से मना कर दिया था। इससे क्रिसमस और नए साल की छुट्टियों के दौरान संघीय सरकार का कामकाज ठप रहा। यह गतिरोध ट्रंप और डेमोक्रेट्स के बीच शक्ति परीक्षण का मसला बन चुका है। नवंबर में मध्यावधि चुनावों में निर्णायक जीत के बाद प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट्स का कब्जा हो गया है।





