अब सीमा पर फिरोजपुर के हुसैनीवाला बॉर्डर पर दिखा पाकिस्‍तानी ड्राेन, सर्च ऑपेरशन जारी….

पंजाब में एक बार फिर पाकिस्‍तान की ओर से ड्राेन घुसने की खबर से हड़कंप मच गया है। फिरोजपुर के हुसैनीवाला बाॅर्डर पाेस्‍ट पर बीती रात पाकिस्‍तान की ओर से एक ड्रोन को भारत की सीमा में घुसते देखा गया। बताया जाता है कि सीमा सुरक्षा बल (Border Security Force) के जवानों ने पाकिस्‍तानी ड्राेन को घुसते देखा। इसके बाद सर्च ऑपेरशन (search operation) शुरू कर दिया गया। पंजाब में एक के बाद एक पाकिस्‍तान की ओर से ड्रोन घुसने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर हुसैनवाला सीमा चौकी पर बीएसएफ (BSF) के जवानों ने बीती रात  पाकिस्तान की ओर से भारत में एक ड्रोन को दाखिल होते देखा। जवान जब तक कोई कार्रवाई कर पाते ड्रोन नजरों से ओझल हो गया। इसके बाद बीएसएफ (BSF) जवानों ने तलाशी अभियान शुरू कर दी।

बीएसएफ ने इस संबंध में पंजाब पुलिस को भी सूचित किया। इसके बाद पुलिस और बीएसएफ के जवान सर्च ऑपरेशन (search operation) चला रहे हैं। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने ड्रोन और किसी संदिग्‍ध के देखे जाने के बारे में लोगों को तुरंत जानकारी देने को कहा है। पुलिस के वरिष्‍ठ अधिकारी भी सर्च ऑपरेशन के दौरान मौजूद हैं।

बता दें कि पंजाब में पाकिस्‍तानी ड्रोन देखे जाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। खेमकरण सेक्‍टर क्षेत्र में पाकिस्‍तानी ड्रोन द्वारा हथियार लाए जाने के खुलासा हुआ था। इससे सनसनी फैल गई थी। पूरे मामले का खुलासा चार खालिस्‍तानी आतंकियों की तरनतारन ब्‍लास्‍ट मामले में गिरफ्तारी के बाद हुआ था। इसके बाद कई आतंकियों को इस मामले में गिरफ्तार किया था।

अब तक इस मामले में करीब नौ आतंकियों को पकड़ा जा चुका है। आतंकियों ने ड्रोन से हथियार मिलने के बाद उसे जला दिया था और उसके पार्ट्स को झब्‍बाल नहर सहित अन्‍य जगहों पर फेंक दिया था। इसके बाद हथियारों को छिपा दिया था। पुलिस और सुरक्षा बलों ने तलाशी के बाद ड्रोन के हिस्‍से झब्‍बाल नहर से निकाले थे। इसके बाद अटारी बॉर्डर के पास एक गांव के करीब पाकिस्‍तानी ड्रोन पकड़े जाने का मामला सामने आया था। इसके अलावा भी सीमा क्षेत्र के कुछ अन्‍य जगहाें पर भी पाकिस्‍तान की ओर से आए ड्रोन देखे गए थे। पूरे मामले की जांच अब एनआइए कर रही है।

Back to top button