अब सीतापुर के महोली ब्लाॅक ऑफिस में कोरोना की दस्तक, VDO और टेक्निकल असि‍स्‍टेंट पॉजिटिव

महोली(सीतापुर)। लगातार बढ़ रहे कोरोना की जद में अब सीतापुर का महोली ब्लाॅक कार्यालय भी आ गया है। यहां तैनात ग्राम विकास अधिकारी की कोरोना जांच रिपोर्ट पाॅजीटिव आई है। इसे लेकर ब्लाॅक के तमाम अधिकारी और कर्मचारी दहशत में हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा इनके संपर्कियों का ब्यौरा जुटाने के प्रयास शुरु कर दिए गए हैं।

बताते चले कि जिले में कोरोना मरीजों का ग्राफ बढ़कर 245 के आसपास पहुंच गया है। सोमवार को एपीटीसी समेत अन्य स्थानों पर मिले 89 मरीजों ने पाॅजीटिव मरीजों की संख्या में तेजी से उछाल किया है। इसी बीच सोमवार को महोली ब्लाॅक कार्यालय में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। यहां पर तैनात 48 वर्षीय ग्राम विकास अधिकारी के साथ 44 वर्षीय तकनीकी सहायक ने अपनी कोरोना की जांच कराई थी, जो कि पाॅजीटिव आई है। इनमें वीडीओ शहर के मुहल्ला सुदामा पुरी एवं तकनीकी सहायक कमलानगर हरदोई रोड में रह रहे हैं।

इसकी खबर फैलते ही समूचे ब्लाॅक परिसर में हड़कंप मच गया। यहां तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी अपना कामकाज समेट कर कार्यालय छोड़ बाहर निकल आए। इसके संबंध में सीएचसी अधीक्षक महोली एवं समस्त जिम्मेदार अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल ब्लाॅक कार्यालय को सील नहीं किया गया है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि जल्द ही ब्लाॅक कार्यालय को सील कर सेनेटाइजेशन का कार्य शुरु करा दिया जाएगा।

Back to top button