अब 100 बैड का अस्पताल बना कोरोनेशन, मिलेंगी ये सुविधाएं

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पारम्परिक निर्माण शैली के तहत भवन निर्माण करने वालों को एक अतिरिक्त फ्लोर बनाने की मंजूरी दी जाएगी। इस संबंध में नौ जनवरी तक नीति आ जाएगी। सीएम ने यह बातें कि दून के डालनवाला में स्थित कोरोनेशन अस्पताल में 100 बेड अस्पताल के उद्घाटन के अवसर पर कही।
इस दौरान सीएम ने कहा कि यहां की निर्माण शैली पुराने लोगों के लंबे तजुर्बे का प्रतिबिम्ब है। जब कोई बाहर का व्यक्ति मुख्यमंत्री आवास देखता है तो निर्माण शैली की अक्सर बात होती है। सीएम ने कहा कि राज्य की संस्कृति की निर्माण में झलक दिखनी चाहिये। साथ ही कहा कि अलग-अलग जनपदों की अपनी निर्माण शैली हैं। इन्हें चयनित कर प्रोत्साहित करेंगे।
इस दौरान विधायक खजान दास ने कहा कि जिला अस्पताल की मांग अर्से से की जा रही थी। पूर्ववर्ती सरकार ने दून अस्पताल को मेडिकल कालेज में तब्दील कर दिया, पर यह नहीं सोचा कि जिला अस्पताल का क्या होगा। मुख्यमंत्री जन स्वास्थ्य को लेकर सजग हैं और इसी का नतीजा है कि जिला अस्पताल मूर्त रूप लेने लगा है। महापौर सुनील उनियाल गामा ने अटल आयुष्मान योजना को एक ऐतिहासिक कदम बताया।
बता दें कि पं दीनदयाल उपाध्याय राजकीय कोरोनेशन अस्पताल में आइपीएचएस मानक के अनुरूप जो सुविधाएं नहीं थी उसे पूरा करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 100 बैड के अस्पताल का निमार्ण प्रस्तावित है। इसके निमार्ण के लिए कुल 4159.58 लाख का आगणन उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा किया गया है
नवनिर्मित चिकित्सालय में होंगी ये सुविधाएं
- यह चिकित्सालय पूर्ण रूप से कम्प्यूटराइजड होगा, जिसमें सभी रिकार्ड का कम्प्यूटराइजड किए जाने की व्यवस्था है।
- डाइग्नोसिस के के लिए एमआरआइ, सीटी स्केन, ऐक्स-रे इत्यादि की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होगी।
- चिकित्सालय में ब्लड बैंक, ब्लड सैंपल एवं ब्लड डोनेशन की सुविधाएं उपलब्ध होगी।
- चिकित्सालय में आकस्मिक चिकित्सा के लिए सभी सुविधाएं रहेंगी, जिसके लिए 16 बैड का आपातकालीन वार्ड दिया गया है।
- चिकित्सालय में पुरुष-महिला के लिए 76 बैड का जनरल वार्ड एवं 24 बैड का बर्न वार्ड का प्रावधान किया गया है।
- चिकित्सालय में आठ बैड ओपीडी का प्रावधान किया गया है।
- भवन में तीन बैड आपरेशन थिएटर एवं एक बैड माइनर आपरेशन थिएटर की व्यवस्था की जा रही है। इनके साथ सौ बैड के अतिरिक्त 11 बैड आइसीयू बैड एवं नौ बैड रिकवरी बैड का प्रावधान किया गया है
- चिकित्सालय में भर्ती मरीजों की भोजन व्यवस्था के लिए किचन का प्रस्ताव किया गया है
- चिकित्सालय भवन दिव्यांगजनों के लिए सुगम्य है, जिसे के लिए भवन में रैंप एवं लिफ्ट का प्रावधान किया गया है।
- चिकित्सालय भवन में फायर फाइटिंग एवं सीसीटीवी का प्रावधान किया गया है।





