अनंतनाग में सुरक्षाबलों का एक्शन: लश्कर के दो आतंकियों के मकान ध्वस्त

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पुलिसकर्मी आशिक हुसैन कुरैशी की आतंकी हमले में वीरगति के एक दिन बाद प्रशासन और सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों के मकानों को ध्वस्त कर दिया। आधिकारिक सूत्रों ने जीएनएस को बताया कि अनंतनाग के गुरी निवासी और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े आतंकी आदिल अहमद थोकर के नए मकान को गुरुवार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

वहीं, बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक अन्य कार्रवाई में बिजबेहाड़ा के हसनपोरा तवेला निवासी अब्दुल रशीद गनई के बेटे हारून रशीद गनई के एक मंजिला रिहायशी मकान को भी ध्वस्त कर दिया गया। हारून वर्ष 2018 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा सक्रिय आतंकी बताया गया है।

यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस, एक राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और सीआरपीएफ की 90वीं बटालियन ने संयुक्त रूप से की। गौरतलब है कि बुधवार को हुए आतंकी हमले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान आशिक हुसैन कुरैशी वीरगति को प्राप्त हो गए थे। इसके बाद सुरक्षाबलों ने यह कार्रवाई की।

Back to top button