यूथ ओलम्पिक 2018: भारतीय महिला हॉकी टीम ने टूर्नामेंट में हासिल की तीसरी जीत
नई दिल्ली : भारतीय महिला टीम ने यूथ ओलम्पिक खेलों में वानूआतू टीम के खिलाफ 16-0 से शानदार जीत हासिल की. यह भारतीय महिला टीम की इस टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत है. इस जीत में मुमताज खान की भूमिका अहम है, क्योंकि उन्होंने वानूआतू के खिलाफ अपनी टीम के लिए चार गोल किए. स्ट्राइकर लालरेमसियामी ने दूसरे ही मिनट में गोल कर भारतीय टीम का खाता खोला. इसके 30 सेकेंड के बाद ही रीत ने भारत के खाते में दूसरा गोल भी डाल दिया.
कप्तान सलीमा टेटे ने चार मिनट के भीतर गोल कर भारत का स्कोर वानूआतू के खिलाफ 3-0 कर दिया. बलजीत कौर ने इसके बाद लगातार दो गोल दागे और भारत का स्कोर 5-0 कर दिया. इस मैच में भारतीय टीम के लिए चेतना ने भी अहम भूमिका निभाई. उन्होंने इस मैच में कुल तीन गोल किए. चेतना ने अपना पहला गोल छठे मिनट में किया. रीत ने इसी मिनट में अपना दूसरा गोल दागा. इसके बाद मुमताज ने आठवें मिनट में भारत का स्कोर 9-0 कर दिया.
मुमताज ने 11वें और 12वें मिनट में भारतीय टीम के लिए दो और गोल किए. इसके बाद मुमताज ने 15वें मिनट में गोल किया और चेतना ने 14वें तथा 17वें मिनट में गोल किया. इस बीच सलीमा ने भी भारतीय टीम के लिए गोल दागा. इशिका चौधरी ने भारतीय टीम के लिए गोल दागने के साथ ही उसे वानूआतू के खिलाफ 16-0 से जीत दिलाई. भारतीय टीम का अगला मुकाबला अर्जेटीना से होगा.





