अब ‘एनेक्‍सी’ नहीं बल्कि लोकभवन से चलेगी योगी सरकार

उत्‍तर प्रदेश सरकार अब लखनऊ के एनेक्‍सी भवन के बजाय लोकभवन से चलेगी. मौजूदा समय में मुख्‍यमंत्री कार्यालय समेत अन्‍य विभागों के कार्यालय लखनऊ के एनेक्‍सी भवन में हैं, लेकिन अब इस नवरात्र में यूपी सरकार के ये सभी कार्यालय लोकभवन में शिफ्ट हो सकते हैं. इसके बाद पूरी यूपी सरकार इसी भवन से चलेगी. इसके लिए सचिवालय प्रशासन ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं. बता दें कि इस समय लोकभवन में ही मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ कैबिनेट की बैठक समेत अन्‍य महत्‍वपूर्ण बैठकें करते हैं.अब 'एनेक्‍सी' नहीं बल्कि लोकभवन से चलेगी योगी सरकार

मौजूदा समय में एनेक्‍सी भवन में सीएम कार्यालय पांचवीं मंजिल पर है. लोकभवन में भी यह कार्यालय पांचवीं मंजिल पर ही होगा. लोकभवन की चौथी मंजिल पर सीएम सचिवालय होगा. सीएम के प्रमुख सचिव, सचिव, विशेष सचिव और ओएसडी का कार्यालय भी लोकभवन में शिफ्ट किया जाएगा.

लोकभवन की पहली मंजिल पर मुख्य सचिव का कार्यालय होगा. अभी मुख्य सचिव कार्यालय एनेक्सी में भी पहली मंजिल पर है. पहली मंजिल पर ही मुख्य सचिव स्टाफ और नियुक्ति विभाग का कार्यालय भी होगा. लोकभवन में अभी दोनों उप मुख्‍यमंत्रियों के कार्यालय के लिए आवंटन नहीं हुआ है. सीएम ऑफिस शिफ्ट होने के बाद एनेक्सी में भी आवंटन होगा. वहीं मंत्री और अधिकारी कार्यालय आवंटन कराने की कोशिश में जुट गए हैं.

बता दें कि मई में उत्‍तर प्रदेश की जनता की समस्‍याएं सुनने और उनका तेजी से निपटारा करने के लिए योगी सरकार एक कदम और बढ़ाया था. सरकार ने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के पूर्व संसदीय क्षेत्र और गृह जनपद गोरखपुर में भी मिनी सीएम ऑफिस बनाने का निर्णय लिया था. इसके पीछे सरकार की मंशा है कि प्रदेश की जनता की समस्‍याएं तेजी से दूर की जाएं. अभी लखनऊ के एनेक्‍सी में पांचवीं मंजिल पर मुख्‍यमंत्री का कार्यालय है. कहा जा रहा था कि गोरखपुर का मुख्‍यमंत्री कार्यालय भी ठीक इसी के जैसा होगा.

Back to top button