World cup 2019: चोटिल धवन ने एक पोस्ट के जरिये दिए संकेत कि उनके लिए टूर्नामेंट अभी समाप्त नहीं हुआ….

 चोटिल होने के कारण विश्वकप के तीन मैचों से बाहर सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने बुधवार को एक पोस्ट के जरिये संकेत दिए कि उनके लिए टूर्नामेंट अभी समाप्त नहीं हुआ है और वह वापसी के लिए प्रतिबद्ध हैं. बाएं हाथ के अंगूठे में चोट के कारण धवन भारत के अगले तीन मैचों – न्यूजीलैंड (गुरुवार), पाकिस्तान (रविवार) और अफगानिस्तान (22 जून) के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे. वह टीम के साथ बने रहेंगे लेकिन उनकी चोट पर निगरानी रखी जाएगी. दिल्ली के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को उनके कवर के तौर पर टीम से जोड़ा गया है. 33 वर्षीय सलामी बल्लेबाज ने ट्विटर पर उर्दू के शायर राहत इंदौरी की पंक्तियों के जरिये अपने इरादे बतलाए हैं.

उन्होंने पोस्ट किया है, “कभी महक की तरह हम गुलों से उड़ते हैं, कभी धुएं की तरह हम पर्वतों से उड़ते हैं, ये कैंचियां हमें उड़ने से खाक रोकेंगी, कि हम परों से नहीं हौसलों से उड़ते हैं.” 

उधर, भारतीय क्रिकेट टीम के सहायक कोच संजय बांगर ने कहा कि टीम प्रबंधन चोटिल शिखर धवन को अभी बाहर नहीं करना चाहता क्योंकि वह ‘बहुमूल्य’ हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले इस विश्व कप के तीसरे मैच से पहले बांगर ने कहा, “हम शिखर की स्थिति पर निर्णय लेने से पहले 10-12 दिन का समय लेना चाहते हैं. हम उनके जैसे बहुमूल्य खिलाड़ी को बाहर नहीं करना चाहते.”

धवन ने रविवार को आस्ट्रेलिया के साथ हुए विश्व कप मुकाबले में शानदार 117 रन बनाए थे और ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए थे. भारत ने वह मैच 36 रनों से जीता था. उसी मैच में बल्लेबाजी के दौरान आस्ट्रेलियाई गेंदबाज नाथन कल्टर नाइल की एक गेंद धवन के अंगूठे पर लग गई थी. अपनी पारी के बाद धवन ड्रेसिंग रूम में ही बैठे रहे और बर्फ से चोट की सेकाई करते रहे. वह फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतर सके थे. रवींद्र जडेजा ने धवन की जगह पर फील्डिंग की थी.

Back to top button