पार्टी में जाने के लिए घर से निकली थी महिला, वापस आयी डेड बॉडी

गाजियाबाद के मोहन नगर स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली महिला की हत्या कर शव सिहानी गेट थानाक्षेत्र में भट्टा नंबर पांच के पास फेंक दिया गया। महिला बुधवार शाम घर से किसी पार्टी में जाने के लिए कहकर निकली थीं। पुलिस को गुरुवार सुबह शव मिला। पुलिस का कहना है कि हत्या का केस दर्ज कर जांच की जा रही है। हत्या की वजह शुरुआती जांच में स्पष्ट नहीं हो पाई है।

हिंडन एयरफोर्स स्टेशन के पास एक सोसाइटी में रहने वाली 42 वर्षीय महिला अपने बेटे और मां के साथ रहती थीं। बेटा 12वीं कक्षा में पढ़ता है। बेटे ने बताया कि उनकी मां बुधवार शाम पार्टी में जाने की बात कहकर घर से शाम 7 बजे निकली थीं। उनकी आखिरी बार जब फोन पर बात हुई तो मां ने 10 बजे तक घर लौटने की बात कही थी। लेकिन देर रात तक वह घर नहीं लौटी। उसके बाद उनके नंबर पर संपर्क किया तो वह बंद मिला। गुरुवार सुबह 10 बजे बेटे ने साहिबाबाद थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

यह भी पढ़ें: UP: कोरोना वायरस महामारी घोषित, 22 मार्च तक बंद रहेंगे सभी स्कूल और कॉलेज

एसपी सिटी मनीष मिश्रा का कहना है कि गुरुवार सुबह सिहानी गेट क्षेत्र के भट्टा नंबर 5 के जंगलों में लाश मिली थी। हत्या में केस दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि महिला की हत्या कर शव को ठिकाने लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उधर, हत्या की खबर सुनकर घर पर देर शाम दिल्ली से परिजनों के पहुंचना शुरू हो गया है। हालांकि परिजनों की तरफ से इस मामले में कुछ भी नहीं बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार परिजनों से पूछताछ के बाद कुछ मदद मिलेगी।

गले पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले

पुलिस के मुताबिक महिला के गले पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं। बाकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो पाएगी। एसपी सिटी ने बताया कि शव मिलने के कुछ घंटे बाद महिला की पहचान साहिबाबाद निवासी के रूप में हुई। जांच की जा रही है।

संदिग्ध नंबरों की पड़ताल कर रही पुलिस

इस मामले में महिला के मोबाइल नंबर की सर्विलांस टीम छानबीन में जुटी हुई है। मालूम किया जा रहा है कि आखिरी बार किससे बात हुई थी। पुलिस के आला अफसरों का कहना है कि कुछ नंबर मिले हैं जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस शुरुआती जांच में किसी विवाद के कारण हत्या कर शव फेंकने की बात मान रही है।

Back to top button