मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, इन राज्यों में आज हो सकती है भारी बारिश

देश के कई राज्यों में अब मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। मिली जानकारी के मुताबिक पूर्वी यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ समेत कुछ हिस्‍सों में मानसून सक्रिय होने के कारण तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि आज उत्तर पूर्व भारत, सिक्किम के कुछ हिस्सों, झारखंड, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा, बिहार और असम समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश हो सकती है। साथ ही ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका है।

इन राज्यों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, केरल, कर्नाटक, दक्षिण गुजरात, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही बिहार, उत्तराखंड और ओडिशा में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है। पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। साथ ही बौछार हो सकती है।

दिल्ली में जुलाई में होगी मानसूनी बारिश

देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय है, लेकिन राजधानी दिल्ली में अभी तक मानसूनी बारिश नहीं हुई है। ऐसे में मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि दिल्ली और पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा और राजस्थान को मानसून की बारिश के लिए जुलाई तक इंतजार करना होगा। अगले सप्ताह तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब की ओर बढ़ने की संभावना है। 30 जून तक उत्तर पश्चिम भारत के अलग-अलग स्थानों में बारिश और गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना है।

बिहार में आज हो सकती है तेज बारिश, अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बिहार में आज तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। दक्षिण बिहार में कुछ जगहों पर वज्रपात के साथ बारिश की पूरी आशंका है। बिहार के मुजफ्फरपुर, नवादा, कैमूर, रोहतास, अरवल और नालंदा में मेघ गर्जन और वज्रपात का तात्कालिक अलर्ट भी जारी किया गया। मौसम विभाग ने 25 व 26 जून को जिन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वे हैं सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई और खगड़िया।

उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना

इधर मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटे में उत्तराखंड में देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा जिले में तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दो या तीन दिनों तक तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

Back to top button