मौसम Alert: अगले 48 घंटे इन इलाकों में भारी बारिश के साथ गिरेंगे ओले

देश के कई इलाकों में हो रही लगातार बारिश से गर्मी का एहसास नहीं हो पाया था, लेकिन उत्तरभारत के हिस्सों में फरवरी महीने में ही लोगों को धूप चुभने लगी थी। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से मौसम स्थिर बना हुआ है। बुधवार को तो यहां कई हिस्सों में बारिश हुई, जिससे मौसम में एक बार फिर ठंडक बढ़ गई है। आगे भी अभी 48 घंटे मौसम खराब रहेगा और बारिश के साथ ओले गिरने का भी पूर्वानुमान लगाया गया है। मौसम की जानकारी देने वाली एजेंसी स्काईमेट ने बताया कि अगले दो दिनों तक उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में और ज्यादा बारिश होने की संभावना है। वहीं, तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि होने के भी आसार हैं। 

स्काईमेट की साइट पर उपलब्ध जानकारी में बताया गया कि जम्मू कश्मीर के पास एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पहुंचा है और इसके प्रभाव से डिवेलप हुआ चक्रवाती हवाओं का गढ़ राजस्थान तक आ गया। वहीं, पंजाब से हरियाणा होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक भी यह सक्रिय हो गया है। इसी कारण एजेंसी ने उम्मीद लगाई है कि गुरुवार शाम को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई जगहों पर हल्की से सामान्य और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होगी। वहीं, इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका लगाई गई। इसके साथ ही राजस्थान के उत्तरी और पूर्वी जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से सामान्य बारिश और ओले गिरने की आशंका है।

आज रात और कल सुबह भारी

एजेंसी द्वारा बताया गया कि आज रात और शुक्रवार सुबह के बीच बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। हालांकि, 6 मार्च से पश्चिमी पंजाब और पश्चिमी हरियाणा में मौसम शांत होने लगेगा, लेकिन हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 7 मार्च की सुबह या दोपहर तक मौसम खराब रह सकता और रुक-रुक कर बारिश भी होने के आसार हैं। आइय राज्यों की अधिक जानकारी पर डालते हैं नजर…

इसे भी पढ़ें: CAA को लेकर अमेरिकी आयोग ने मोदी सरकार के लिए बढाई चिंता, लगाया गंभीर आरोप

दिल्ली-NCR में बदला मौसम, हो रही बारिश

स्काईमेट द्वारा राजधानी दिल्ली में 4 तारीख को बारिश के उम्मीद लगाई गई थी और दिल्ली में बारिश हुई भी। इसके साथ ही बारिश के साथ आई ठंडी हवाओं ने दिल्ली का मौसम पूरी तरह बदल दिया। तापमान में अचानक गिरावट आई। एजेंसी के अनुसार, राजधानी दिल्ली में अगले 2 दिनों तक रुक रुक कर बारिश होती रहेगी। कुछ स्थानों पर तेज वर्षा की भी संभावना है। ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं, आपको बता दें कि गुरुवार सुबह पूर्वी दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश की खबर है।

हिमाचल में बर्फबारी व बारिश, यलो अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर एक बार बदल गया है। यहां कई इलाकों में काफी बर्फबारी हो रही है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को बारिश व ओलावृष्टि के बाद रात को मौसम साफ हो गया था। हालांकि, गुरुवार सुबह फ‍िर से मौसम ने रुख बदल लिया है व बारिश शुरू हो गई है। इसके साथ ही पहाड़ों पर बर्फबारी हुई, जिससे मौसम ठंडा हो गया। मौसम विशेषज्ञों ने आज से प्रदेश में भारी बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तरप्रदेश में कुछ दिनों बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरप्रदेश में हो रही बारिश का दौर अभी सात मार्च तक जारी रहेगा। आठ और नौ मार्च को मौसम ठीक होगा, लेकिन दस मार्च को फिर मौसम चेंज और इसके साथ ही बारिश के आसार लगाए गए हैं। यानी होली के दिन भी बूंदाबांदी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते, यहां मौसम खराब हो रहा है।

ओडिशा में भी जारी रहेगा बारिश का दौर

ओडिशा में पिछले बहुत दिनों से किसी ना किसी इलाके में बारिश हो रही है और फिलहाल अभी भी मौसम के शांत होने का कोई अनुमान नहीं लगाया गया है। ओडिशा के अधिकांश जिलों में आठ मार्च तक बिजली की गड़गड़ाहट के साथ आंधी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए आठ मार्च तक अधिकांश जिलों में येलो वार्निग जारी की गई है। तटीय ओडिशा में यह स्थिति और गंभीर होने वाली है। तटीय ओडिशा में कुछ जगहों पर आसमानी बिजली गिरने की संभावना अधिक है।

मौसम विभाग ने इन इलाकों में रह रहे लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा है। मौसम विभाग के अनुसार, क्योंझर, मयूरभंज के साथ बालेश्वर, कंधमाल, रायगड़ा, बौद्ध, सुंदरगढ़, कालाहांडी, ढेंकानाल तथा कटक जिला के कुछ इलाकों में पांच मार्च को आसमानी बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, इसके अलावा भी सुंदरगढ़, कटक और भद्रक जिलों समेत कई जगहों पर तूफानी बारिश हो सकती है। तेज हवाएं चल सकती हैं।

Back to top button