CM योगी से मुलाकात के दौरान विवेक की पत्नी ने कहा- राज्य सरकार पर मेरा विश्वास और बढ़ा

लखनऊ के गोमतीनगर में पुलिसवाले की गोली से मारे गए विवेक तिवारी के परिवार ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की. इस दौरान उनके साथ उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा भी मौजूद रहे. सीएम योगी से मुलाकात के बाद विवेक की पत्नी कल्पना तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमारी बातें गंभीरता से सुनीं और हमें मदद का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा ‘राज्य सरकार पर मेरा विश्वास पहले से ही था, लेकिन अब यह विश्वास और अधिक मजबूत हो गया है.’
उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के मुताबिक विवेक के परिवार को 25 लाख रुपये बतौर मुआवजा दिया गया है. साथ ही विवेक की पत्नी कल्पना तिवारी को सरकारी नौकरी दी जाएगी. उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से विवेक तिवारी के दोनों बच्चों के नाम 5-5 लाख रुपये की एफडी कराई जाएगी. साथ ही विवेक तिवारी की मां के नाम भी 5 लाख रुपये की एफडी करवाई जाएगी.
उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा ‘सरकार विवेक के परिवार के साथ शुरू से है, परिवार सीएम से मिलना चाह रहा था, इसीलिए आज मुलाकात करवाई गई. मुख्यमंत्री चाहते हैं बच्चों की पढ़ाई, जीवन सुरक्षित रहे, विवेक की मां के नाम 5 लाख की एफडी रहेगी, बच्चों की पढ़ाई के लिए 25 लाख की फिक्स्ड डिपॉजिट रहेगी.
बता दें कि उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना की फोन पर बात कराई थी. इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सोमवार सुबह मिलने का वक्त दिया था. खुद डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा विवेक के परिवार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलवाने ले गए.
वहीं लखनऊ में हुए विवेक तिवारी हत्याकांड में विवेक के परिवारवालों ने नई एफआईआर दर्ज कराई है. विवेक तिवारी के परिवार ने अब जो नई एफआईआर दर्ज कराई है उसमें आरोपी पुलिसवालों को नामजद कराया गया है. इससे पहले परिवारवालों ने मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. बता दें कि रविवार को विवेक तिवारी का लखनऊ के बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार किया गया था.
रविवार को लखनऊ के गोमतीनगर थाने में परिवार की ओर से दर्ज कराई गई नई एफआईआर में विवेक तिवारी को पास से गोली मारने की बात कही गई है. इससे पहले वाली एफआईआर में गोली चलने की आवाज सुनाई देने की बात कही गई थी. पहली एफआईआर विवेक तिवारी के ऑफिस की दोस्त और प्रत्यक्षदर्शी सना ने लिखवाई थी. इस बार यह दूसरी एफआईआर विवेक की पत्नी कल्पना ने लिखवाई है.
नई एफआईआर में लिखा है कि आरोपी सिपाही प्रशांत ने विवेक तिवारी को मारने के उद्देश्य से कार के शीशे से पिस्टल सटाकर फायर किया. नई एफआईआर में लिखा है कि सना को ना ही किसी का फोन उठाने दिया जा रहा था और ना ही किसी को कॉल करने दिया जा रहा था और पुलिस ने सादे कागज में साइन भी करवाया था. एफआईआर में जिक्र किया गया है कि एक सिपाही डंडा लिए हुआ था.





