योगी आदित्यनाथ से मिलने के लिए विवेक की पत्नी कल्पना तिवारी पहुंचीं सीएम आवास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के लिए सोमवार सुबह विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना तिवारी सीएम आवास पहुंचीं। सीएम ने रविवार को उनसे फोन पर बात कर ये कहा था कि वे जब चाहें उनसे मिल सकती है
इससे पहले रविवार को कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने परिवारीजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा था कि मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने के लिए अदालत में पैरवी करेंगे। कानून मंत्री ने परिवारीजनों से कहा कि यह ऐसी दुखद घटना है कि इसकी कभी भरपाई नहीं हो सकती है। यह हमारे लिए भी शर्मनाक है।
पाठक ने कहा कि पुलिस कर्मियों को अपने व्यवहार में परिवर्तन ला कर सौम्य और सरल स्वभाव से काम करना होगा, क्योंकि हम जंगल राज में नहीं जी रहे हैं। इस संबंध में मैंने प्रमुख सचिव से भी बात की है कि बड़े शहरों में ऐसे पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाए, जिन्हें मानवीय संवेदनाओं का ख्याल हो। परिवार की हर संभव मदद करूंगा।





