जीत के बावजूद भी विराट कोहली है नाखुश, जाने क्या है वजह…

महेंद्रसिंह धोनी और भुवनेश्वर कुमार के बीच हुई नाबाद शतकीय भागीदारी की मदद से भारत ने गुरुवार को श्रीलंका पर दूसरे वनडे में 3 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। भारत ने जबर्दस्त संघर्ष क्षमता दिखाते हुए खराब स्थिति से उबरकर यह जीत दर्ज की, लेकिन फिर भी कप्तान विराट इस जीत पर बहुत खुश नहीं दिखाई दिए।
विराट ने मैच के बाद श्रीलंकाई स्पिनर अकिला धनंजय की तारीफ करते हुए कहा कि दर्शकों का इस मैच से बहुत मनोरंजन हुआ। 230 रनों के लक्ष्य में 7 विकेट खोना और दो शतकीय भागीदारियां बड़ा अजीब है। 230 के लक्ष्य में जब आपके 110 रनों पर 1 विकेट हो तो आप उन बल्लेबाजों को भी मौका देना चाहते हो जो अभी तक नहीं खेल पाए हो। इसलिए मुझे बल्लेबाजी क्रम में बदलाव का कोई अफसोस नहीं है। यदि मैं तीसरे क्रम पर उतरता तो भी गेंद चूक सकता था क्योंकि धनंजय बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहा था।
विराट ने कहा, हमने सोचा था कि वो ऑफ स्पिनर है जो लेग ब्रेक डाल लेता है, लेकिन उसने चार विकेट गुगली पर लिए। हम अगली बार ध्यान से उसका (धनंजय) सामना करेंगे।
231 रनों के संशोधित लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को रोहित शर्मा और शिखर धवन ने शानदार शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए शतकीय भागीदारी (109) की थी। इसके बाद विकेटों की पतझड़ हुई भारत 131 रनों पर 7 विकेट गंवा चुका था। धोनी ने भुवी के साथ आठवें विकेट के लिए नाबाद शतकीय भागीदारी कर मेहमान टीम को 3 विकेट से रोमांचक जीत दिलाई।





