उत्तराखंड: बारिश को लेकर कई जगहों पर यलो अलर्ट जारी, केदारनाथ यात्रा को लेकर मौसम विभाग ने… 

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में कई जगहों पर तेज़ बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग के लिए खास तौर पर चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के इस अनुमान के बाद रुद्रप्रयाग के ज़िला प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को लेकर यलो अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि गर्मियों में बारिश का यह दौर 20 मई के बाद थम जाएगा और मौसम साफ हो जाएगा.

मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए करते हुए कहा कि 20 मई तक रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ ज़िलों में भारी बारिश, आंधी तूफान और बिजली चमकने जैसे आसार हैं. चूंकि चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग ज़िलों में चार धाम स्थित हैं इसलिए यहां इस दौरान यात्रियों की भीड़ काफी ज़्यादा है. समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया कि यात्रियों को खबरदार करने के लिए ज़िला प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा के लिए अलर्ट जारी कर दिया है.

इससे पहले रुद्रप्रयाग ज़िले में ही केदारनाथ मार्ग में दो भीषण सड़क हादसों की खबर आ चुकी है. मौसम खराब होने की चेतावनी यात्रियों के लिए जारी की जा रही है और हिदायत दी जा रही है कि वो अपनी यात्रा को मौसम के मिज़ाज के हिसाब से ही प्लान करें. वहीं, उत्तराखंड में मौसम के बदले तेवर से गर्मी से राहत मिल रही है.

Back to top button