UP में खान घोटाले के मामले में CBI और ED की जांच में घिरे 3 IAS अधिकारियों के खिलाफ जल्द होगी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश में खान घोटाले के मामले में सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में घिरे 3 आईएएस अधिकारियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होगी. सीबीआई ने घोटाले में आरोपित किए गए आईएएस अधिकारी अभय सिंह, विवेक और देवी शरण उपाध्याय के खिलाफ एक रिपोर्ट शासन को भेजी है. रिपोर्ट की कॉपी प्रदेश के पुलिस मुखिया डीजीपी ओपी सिंह को भी भेजी गई है.

सीबीआई के इस कदम के बाद पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर इन तीनों आईएएस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी तय है. दरअसल सीबीआई ने खनन घोटाले के मामले में 11 जुलाई को पूरे राज्य में छापे मारे थे जिसमें बुलंदशहर के डीएम अभय के घर से 49 लाख और आजमगढ़ के सीडीओ देवी शरण उपाध्याय के यहां से 10 लाख बरामद किए थे.

अधिकारियों के यहां से रिश्वत की रकम मिलने के बाद सरकार की काफी किरकिरी हुई थी. सीबीआई ने आईएएस विवेक के घर पर भी लखनऊ में छापा मारा था जिसमें नकदी और तमाम दस्तावेज बरामद हुए थे. 2007 बैच के आईएएस अभय सिंह घर से बरामद किए गए 49 लाख रुपए के बारे में कोई जवाब नहीं दे सके. जांच में पाया गया कि यह सारे पैसे जो कि इन आईएएस अधिकारियों के घरों से बरामद हुए थे वह भ्रष्टाचार की कमाई से थे.

2009 बैच के आईएएस विवेक ने देवरिया में डीएम रहते हुए बालू खनन से काली कमाई की थी. जांच के बाद इन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट शासन को सौंपी गई. इस रिपोर्ट के आधार पर सरकार इन लोगों के खिलाफ जल्द ही सख्त एक्शन लेगी.

Back to top button