UP: बारिश व ओले से नष्ट हुए फसलों का सीएम योगी ने माँगा ब्यौरा

उत्तर प्रदेश में बुधवार रात मौसम ने करवट ली। तेज हवाएं चलीं। गरज चमक के साथ बारिश-बूंदाबांदी हुई तो कहीं ओलावृष्टि। इससे सरसों, गेहूं और आलू की फसल प्रतिकूल असर पड़ा है। किसान चिंतित दिखाई दिए। पश्चिमी विक्षोभ के साथ राजस्थान पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार मौसम के यह तेवर अभी ऐसे ही जारी रहेंगे। मौसम में यह उठा-पटक इसी के चलते हो रही है। शुक्रवार को भी बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में ओले भी पड़ सकते हैं। 

उत्तर प्रदेश में खराब मौसम से विभिन्न स्थानों पर फसलों को हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिंता व्यक्त की है। जिलाधिकारियों को जारी आदेश में उन्होंने कहा है कि नुकसान का आकलन कर तुरंत शासन को रिपोर्ट दें और आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाएं।

यह भी पढ़ें: कोरोना वायरस को लेकर इंटरनेट पर शुरू की काली करतूत, इस खबर ने पूरी दुनिया को डराया

राजधानी लखनऊ में बुधवार दोपहर में मौसम अचानक बदल गया। यहां तेज बारिश के साथ ओले गिरे। कृषि विभाग के अनुसार जिन इलाकों में ओलावृष्टि हुई है, वहां सरसो सहित तिहलनी व दलहनी फसलों को काफी नुकसान हुआ है। गेहूं को भी नुकसान पहुंचा है। सहजन जिसे संजीवनी की संज्ञा दी जाती है बड़े पैमाने पर उसका फूल झड़ गया। केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान के निदेशक डॉ.एस राजन के अनुसार आम में बौर आ रहे हैं। ओले से बौर झड़ जाएंगे जिसका असर निश्चित रूप से फसल पर पड़ेगा।

आगरा में बुधवार की आधी रात के बाद मौसम में एक बार फिर रंग बदला। तेज हवा और बिजली की चमक के बीच जोरदार बारिश हुई। फीरोजाबाद में गुरुवार सुबह छह बजे से तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे आलू में गलन की आशंका बढ़ गई है। गेहूं की फसल खेत में बिछ गई। खेतों में कटी पड़ी सरसों में नुकसान की आशंका है। मथुरा, कासगंज, मैनपुरी में बरसात हुई। मथुरा में कई जगह पेड़ गिर गए। फसलों को नुकसान पहुंचा।

मेरठ में बुधवार रात को बारिश के बाद गुरुवार को भी दिनभर बादल रहे और दोपहर बाद हवा के साथ बारिश हुई। आलू किसान परेशान दिखे। बागपत में सुबह रटौल गांव में बारिश के साथ ओलावृष्टि से गेहूं तथा सरसों की फसल को नुकसान हुआ है। सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर में बुधवार रात बारिश हुई। शामली में भी बूंदाबांदी हुई। मुरादाबाद, सम्भल में बुधवार देर रात बारिश हुई। बारिश से किसान चिंता में है। अमरोहा में गुरुवार सुबह बूंदाबांदी हुई। बरेली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई थी।

Back to top button