UP सरकार ने अब 8 IAS अधिकारियों का किया तबादला, सोनभद्र के DM को बनाया गया विशेष सचिव नियोजन

उत्तर प्रदेश मे योगी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. उत्तर प्रदेश सरकार ने अब 8 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है. इन अधिकारियों में अंकित अग्रवाल का नाम भी शामिल है. सोनभद्र के डीएम रहे अंकित अग्रवाल को विशेष सचिव नियोजन बनाया गया. बता दें कि सोनभद्र नरसंहार मामले में अंकित अग्रवाल को डीएम पद से हटाया गया था.

इससे पहले 6 जुलाई को सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाज कल्याण निदेशक, मुख्यमंत्री के सचिव और पीडब्ल्यूडी के विशेष सचिव सहित 30 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया था. सरकार ने निदेशक (सूचना) शिशिर सिंह को विशेष सचिव और संस्कृति एवं हिंदी प्रचार निदेशक के रूप में पदोन्नत किया.

सिंह ने प्रमुख सचिव, सूचना और प्रचार, अवनीश अवस्थी के साथ सरकार के प्रमुख कार्यक्रमों को समन्वित करने, बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. 2000 बैच के आईएएएस व मुख्यमंत्री के सचिव मनीष चौहान को गन्ना विभाग में आयुक्त के रूप में भेजा गया है. पीडब्ल्यूडी के विशेष सचिव राहुल पांडे को वाराणसी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया.

2003 बैच के आईएएस विकास गोठवाल को शहरी विकास सचिव बनाया गया. सरकार ने विजय किरण आनंद को भी तरक्की दी, जो कुंभ मेला मामलों के प्रभारी (मेले के दौरान विशेष रूप से सृजित किया गया पद) रहे. उन्हें विशेष सचिव (बेसिक शिक्षा), राज्य सर्व शिक्षा अभियान के निदेशक और मिड डे मील कार्यक्रम के निदेशक जैसे कई विभागों का प्रभार मिला था.इससे पहले 28 जून को उन्नाव में एक कैदी के जेल में पिस्तौल लहराने वाले मामले का विडियो वायरल के होने के बाद योगी सरकार ने 21 जेल अधिकारियों और 15 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए थे.

Back to top button