UP में मौसम बना रहा सुहाना मिली तड़पाती गर्मी से राहत, हादसों में पांच की मौत

अपने तय समय से काफी देर से चल रहे मानसून ने अचानक 24 घंटों में सक्रिय होकर आखिरकार पूर्वांचल के रास्ते उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी। मानसून के दस्तक देते ही बादलों की आवाजाही के बीच रविवार सुबह से बूदांबादी लगी रही। इसके साथ ही जहां लखनऊ में मौसम सुहाना बना रहा। वहीं, आसपास के कुछ जिलों में बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट रही।

श्रावस्ती के इकौना में झमाझम बारिश से नगर की सड़कें तालाब बन गई। उधर, अयोध्या में बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को राहत मिली। वहीं, सीतापुर के सरैंया कस्बे में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम को नरम बना दिया। गोंडा में बीती रात से हो रही बारिश से रोडवेज परिसर जलमग्न हो गया।

 

बता दें, मौसम विज्ञानियों के अनुसार मानसून अब काफी सक्रिय रहेगा और परिस्थितियों के अनुकूल होते ही बादल जोरदार बारिश भी कराएंगे। शनिवार की सुबह समूचे बादलों की आवाजाही बनी रही और वाराणसी सहित कई जिलों में रह रहकर बूंदाबांदी होती रही।

बारिश के साथ ही तेज हवाएं-आंधी, पांच की मौत 

पूर्वांचल के सोनभद्र में गरज घुमड़कर बादल छा गए और चंदौली, गाजीपुर और आजमगढ़ समेत आसपास के इलाकों में बादलों ने झूमकर पानी बरसाया और सुबह से रात तक आसमान में बादलों का ही कब्जा बना रहा। शनिवार सुबह मऊ जिले में हलधरपुर क्षेत्र के छतरपुर गांव निवासी लालचंद (45) आंधी में पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। आजमगढ़ में कंधरापुर क्षेत्र के पांडेयपुर गांव में तीन युवक उफनाई तमसा नदी में गिर पड़े। दो युवकों को ग्रामीणों ने बचा लिया जबकि एक युवक नदी की तेज धारा में डूब गया।

सोनभद्र में कोन थाना क्षेत्र के पोखरिया चौकी इलाके में मांची थाना क्षेत्र के खौड़ैला गांव निवासी जवाहिर अपनी पत्नी पनपतिया, पुत्री कौशल्या (22) को लेकर झारखंड के बैगाडीह किसी शादी संबंध के लिए जा रहे थे। उनके साथ कौशल्या की तीन वर्षीय पुत्री नंदनी व उसकी बहन का छह वर्षीय पुत्र अमित भी था। जंगल व पहाड़ का पानी निकलने और बरसाती नालों में जाने के लिए बड़ा ह्यूम पाइप लगाया गया था। बारिश से बचने के चक्कर में सभी लोग उसी पाइप में छिप गए। इसी दौरान पहाड़ी का पानी आया और उसी में कौशल्या, अमित व नंदनी बहकर पहाड़ी से नीचे गिरकर तीनों की मौत हो गई।

Back to top button