UP के CM योगी आज अलीगढ़ में पढ़ने वाले कश्मीरी छात्रों से करेंगे मुलाकात…

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज (शनिवार) अलीगढ़ में पढ़ने वाले कश्मीरी छात्रों से मुलाकात करेंगे. मुख्यमंत्री योगी द्वारा दिए गए कश्मीरी छात्रों से मिलने के निमंत्रण पर जिला प्रशासन ने 8 कश्मीरी छात्रों को सीएम से मुलाकात करने के लिए लखनऊ भेजा है.

हालांकि जिन कश्मीरी छात्रों को सीएम से मिलने के लिए भेजा गया है, वो अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) से नहीं हैं. ये सभी छात्र दो प्राइवेट कॉलेजों एसीएन और शिवदान सिंह से हैं. जिनके साथ जिले के दो अधिकारी भी लखनऊ गए हैं. दरअसल, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले कश्मीरी छात्रों ने सीएम योगी के मिलने के निमंत्रण का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया है.

इसलिए मुलाकात का रखा कार्यक्रम

बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों ने अनुच्छेद 370 को हटाए जाने पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निमंत्रण में नहीं जाने का फैसला यह कहते हुए किया कि यह मामला केंद्र सरकार से संबंधित है और इसमें राज्य सरकार का कुछ लेना-देना नहीं है.

असल में, मुख्यमंत्री योगी ने बुधवार को एएमयू के कश्मीरी छात्रों को अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को रद्द कर जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे को खत्म किए जाने के सकारात्मक नतीजों और उसके संबंध में चर्चा के लिए आमंत्रित किया था.

Back to top button