UK में अधिकतर इलाकों में झमाझम बारिश के बाद गर्मी से मिली कुछ राहत…

दून में बुधवार की देर रात से शुरू हुआ बारिश का दौर गुरुवार की सुबह भी जारी रहा। शहर के अधिकतर इलाकों में झमाझम बारिश के बाद गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं, तेज बारिश से लोगों की मुसीबतों में भी इजाफा हो गया। तेज बारिश के दौरान प्रिंस चौक, बुद्धा चौक व रेलवे स्टेशन के आसपास जलभराव भी हुआ। वहीं, लोगों को गर्मी से भी कुछ राहत मिली। 

बुधवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 33.0 व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 25.0 रिकॉर्ड किया गया। वहीं, मसूरी का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 24.9 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में प्रदेश में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाये रहेंगे। दून के कुछ इलाकों में तेज गर्जन के साथ बारिश हो सकती है।

 

बीते सप्ताह प्रदेश में 38 फीसद कम बारिश 

चार से 11 सितंबर के बीच प्रदेश में सामान्य से 38 फीसद कम बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी सप्ताहभर के मौसम के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 13 जिलों में औसत बारिश 59.6 मिलीमीटर होनी चाहिए थी, लेकिन इस अवधि में महज 37.2 मिलीमीटर बारिश हुई।

इन सात दिनों में सबसे कम बारिश टिहरी में मात्र 7.8 मिलीमीटर, उत्तरकाशी में 11.6, जबकि अल्मोड़ा में 18.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जबकि इन सात दिनों में पिथौरागढ़ में सबसे अधिक 82.0 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। देहरादून में इस अवधि में 50 फीसद कम बारिश हुई।

Back to top button