‘दूसरी’ के फेर में फंसा अरबपत‍ि, पहले टूटा दशकों पुराना रिश्ता

अरबपत‍ियों के एक्‍स्‍ट्रा मैरिटल अफेयर के कई मामले बीते दिनों सामने आए हैं, जिनकी वजह से उनका तलाक हुआ और मोटी रकम बीवी को देनी पड़ी. चाहे एलन मस्‍क की बात हो या फ‍िर जेफ बेजोस और बिल गेट्स का. यह मामला भी कुछ इसी तरह का है. दक्ष‍िण कोर‍िया के एक उद्योगपति शादी के कई साल बाद एक मह‍िला के फेर में ऐसे फंसे कि‍ बीबी बच्‍चों का भी ध्‍यान नहीं रहा. पहले दशकों पुराना रिश्ता टूटा और अब पत्‍नी को अरबों की दौलत देनी पड़ रही है.

साउथ चाइना मार्निंग पोस्‍ट की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्ष‍िण कोर‍ियाई अरबपत‍ि चेय ताए-वोन (Chey Tae-won) की शादी रोह सो-यंग से हुई थी. तकरीबन 35 साल तक दोनों एक साथ रहे. दोनों के तीन बच्‍चे भी हैं. लेकिन तकरीबन 10 साल पहले पता चला क‍ि चेय ताए-वोन का एक मह‍िला के साथ एक्‍स्‍ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा है. प्रेमिका से उनका एक बच्‍चा भी है. रोह सो यंग को यह बात परेशान कर गई. उन्‍होंने तुरंत चेय ताए-वोन से तलाक लेने का फैसला कर लिया. रिश्ता टूट गया और दोनों बीते 10 साल से अलग-अलग रह रहे हैं.

दक्ष‍िण कोर‍िया का सबसे बड़ा तलाक
तब से तलाक का मामला अदालतों में चल रहा था. एक दिन पहले दक्ष‍िण कोर‍ियाई हाईकोर्ट ने रोह सो-यंग के पक्ष में फैसला सुनाया. कहा, रोह सो-यंग अरबपत‍ि चेय ताए-वोन की संपत्‍त‍ि के एक ह‍िस्‍से की हकदार हैं. उन्‍हें 1 बिल‍ियन डॉलर यानी लगभग 8333 करोड़ रुपये दिए जाएं. 2022 में निचली अदालत ने सिर्फ इससे काफी कम रकम देने को कहा था. अदालत ने माना क‍ि सिर्फ चेय ताए-वोन ने ही उनकी कंपनी आगे नहीं बढ़ाई, बल्‍क‍ि उनकी अकूत दौलत बनाने में रोह सो-यंग का भी बहुत बड़ा हाथ रहा है. इसल‍िए वो भी कंपनी के शेयरों में 35 फीसदी ह‍िस्‍से की हकदार हैं. कंपनी के शेयरों को उनकी संयुक्‍त संपत्‍त‍ि मानी जाए. यह दौलत इतनी ज्‍यादा है क‍ि इसे दक्ष‍िण कोर‍िया का सबसे बड़ा तलाक बताया जा रहा है.

अदालत ने संपत्ति 4 ट्रिलियन वॉन आंकी
रोह सो-यंग दक्षिण कोरिया के पूर्व राष्ट्रपति रोह ताए-वू की बेटी हैं. वहीं, चेय ताए-वोन एस.के. ग्रुप समूह के माल‍िक हैं, जिस समूह में कई कंपन‍ियां चल रही हैं. अदालत ने उनकी संपत्ति लगभग 4 ट्रिलियन वॉन आंकी है. उनकी कंपनी एस.के. इंक दुनिया की सबसे बड़ी सेमीकंडक्टर निर्माता कंपनियों में से एक है तथा दूरसंचार, रसायन और ऊर्जा क्षेत्र में भी इसकी हिस्सेदारी है. चेय के वकीलों ने अदालत के फैसले को चुनौती देने की बात कही है. उनका कहना है क‍ि कोर्ट ने रोह के दावे को एकतरफा मान ल‍िया है. उधर, अदालत ने अपने फैसले में साफ ल‍िखा है क‍ि चेय को अपने व्‍यवहार पर कोई पश्चाताप नहीं है. वे अपनी पत्‍नी के प्रत‍ि सही व्‍यवहार भी नहीं करते थे. एस्‍ट्रा मैरिटल अफेयर से रोह को काफी पीड़ा हुई है.

Back to top button